चार लड़कियां गायब, रोही में तनाव

चायल/भरवारी, कौशांबी : जनपद से संदिग्ध परिस्थितियों में चार लड़कियां गायब हो गई हैं। कोखराज के रोही

By Edited By: Publish:Tue, 31 Mar 2015 10:52 PM (IST) Updated:Tue, 31 Mar 2015 10:52 PM (IST)
चार लड़कियां गायब, रोही में तनाव

चायल/भरवारी, कौशांबी : जनपद से संदिग्ध परिस्थितियों में चार लड़कियां गायब हो गई हैं। कोखराज के रोही गांव से दो किशोरियां गांव के ही दो युवकों के साथ लापता हैं। इससे रोही गांव में तनातनी का माहौल है, इसके बावजूद पुलिस इस मामले में तेजी नहीं दिखा रही है। एक किशोरी की 15 अप्रैल को बारात आनी है। इससे परिजनों में मातम छाया है। वहीं पिपरी व चरवा से दो युवतियां गायब हो गई हैं। तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस गायब लड़कियों को खोज पाने में नाकाम है।

कोखराज थाना क्षेत्र के रोही गांव से रविवार की देर शाम दो किशोरियां गांव के ही दो युवकों के साथ गायब हो गईं। किशोरियों को परिजनों ने खोजा, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। परिजनों ने मामले में युवकों के खिलाफ कोखराज थाना पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। एक किशोरी की 15 अप्रैल को बारात आनी है, इससे उसके परिजन परेशान हैं। किशोरियों के भागने से गांव में तनातनी का माहौल है। किशोरियों के परिजन युवकों के परिजन से खफा हैं। किसी भी दिन इस घटना को लेकर मारपीट हो सकती है। इसकी प्रबल आशंका बनी हुई है, इसके बावजूद पुलिस किशोरियों की खोजबीन नहीं कर रही है। इसी तरह पिपरी थाना क्षेत्र के मखऊपुर की एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में गायब है। गांव के ही एक युवक के खिलाफ परिजनों ने तहरीर दी है। चरवा थाना क्षेत्र के सैयदसरांवा गांव की एक युवती को गांव का ही युवक बहला-फुसला कर भगा ले गया है।

----

कड़ा धाम में हो चुका है बवाल

कौशांबी : सैनी कोतवाली के कड़ा धाम में एक साल पहले दो किशोरियां धाम के ही दो लड़कों के साथ गायब हो गई थीं। घटना को लेकर इस कदर लोगों में आक्रोश था कि धाम में जमकर बवाल हुआ। कई दुकानों में तोड़फोड़ हुई, इसके अलावा आगजनी के साथ कई दुकानों व घरों में लूटपाट की भी घटना अंजाम दी गई। इस घटना के बाद पुलिस ने गायब लड़कियों के मामले में तेजी दिखाई, लेकिन मामला ठंडा होते ही पुलिस ने ढिलाई बरतना शुरू कर दिया। कोखराज के रोही गांव की भी स्थिति कुछ ऐसे ही बनी हुई है। यदि पुलिस ने तेजी न दिखाई तो गांव में बखेड़ा खड़ा हो सकता है।

-------

'इस तरह के मामलों में गुमशुदगी दर्ज कराकर लड़कियों की खोजबीन कराई जाती है। मामले दर्ज हो चुके हैं, जल्द से जल्द लड़कियों की बरामदगी कराई जाएगी। यदि गांव में तनातनी की स्थिति है तो इसकी जांच कराकर कार्रवाई भी कराई जाएगी।'

रतनकांत पांडेय, एसपी कौशाम्बी

chat bot
आपका साथी