धोखाधड़ी में फंस सकती हैं नगर पंचायत अध्यक्ष

By Edited By: Publish:Thu, 18 Sep 2014 06:58 PM (IST) Updated:Thu, 18 Sep 2014 06:58 PM (IST)
धोखाधड़ी में फंस सकती हैं नगर पंचायत अध्यक्ष

सरायअकिल,कौशांबी : सरायअकिल नगर पंचायत अध्यक्ष व उनके पति पर एक ईट-भट्ठा मालिक ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कार्रवाई न होने पर भट्ठा मालिक ने इंसाफ के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। वाद दाखिल हो चुका है। इससे नगर पंचायत अध्यक्ष व उनके पति के होश उड़े हैं।

सरायअकिल नगर पंचायत की अध्यक्ष अनीता जायसवाल के कार्यो की देखरेख उनके पति रवीन्द्र जायसवाल करते हैं। सरायअकिल कस्बे के बुद्धिपूरी मोहल्ला निवासी अनूप सिंह ईट-भट्ठा मालिक है। उन्होंने आरोप लगाया है कि रवींद्र जायसवाल ने उनके ईट-भट्ठे से करीब 93 हजार रुपये की ईट की खरीदारी की है। इसका वह सादा कैश मेमो ले गए थे। आरोप है कि इस कैश मेमो का रवीन्द्र जायसवाल ने दुरुपयोग किया और सरकारी धन का बंदरबाट कर लिया। राज्य वित्त व तेरहवें वित्त आयोग से मिली रकम के तहत विकास कार्य कराने का प्रस्ताव तैयार हुआ था। इसी रकम से ईट की खरीदारी हुई। खरीदी गई ईट की रकम भी उसको नहीं दी जा रही है। सभासद मंजू सिंह ने आरटीआई के तहत नगर पंचायत से संबंधित सूचनाएं मांगी। लेकिन सूचनाएं नहीं दी गई। धोखाधड़ी की शिकायत स्थानीय पुलिस से की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ईट भट्ठा मालिक ने एसपी से गुहार लगाई। कार्रवाई न होने पर अनूप सिंह ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। न्यायालय में वाद दाखिल हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही न्यायालय इस मामले में एफआइआर दर्ज कर पुलिस को विवेचना करने का निर्देश जारी कर सकता है।

chat bot
आपका साथी