नामांकन जुलूस में सपा प्रत्याशी ने दिखाई ताकत

जुलूस में दिखी महागठबंधन की झलक सपा-बसपा के साथ रालोद के झंडे तीन सैट में दाखिल किया नामांकन पत्र कलक्ट्रेट पर रही गहमा-गहमी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 29 Mar 2019 11:23 PM (IST) Updated:Sat, 30 Mar 2019 06:23 AM (IST)
नामांकन जुलूस में सपा प्रत्याशी ने दिखाई ताकत
नामांकन जुलूस में सपा प्रत्याशी ने दिखाई ताकत

कासगंज, जागरण संवाददाता। शुक्रवार को सपा प्रत्याशी कुंवर देवेंद्र सिंह यादव के नामांकन जुलूस से कासगंज-बरेली हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। जुलूस में महागठबंधन की भी झलक देखने को मिली। कहीं एक ही बाइक पर सपा-बसपा का झंडा थामे कार्यकर्ता थे तो वाहनों पर सपा-बसपा के साथ रालोद का भी झंडा था। जुलूस में रास्ते भर नारे गूंजते रहे तो तीनों दलों के झंडे लहराए।

सपा प्रत्याशी कुंवर देवेंद्र सिंह यादव का नामांकन जुलूस सुबह बिलराम गेट चौराहा से शुरू हुआ। सुबह से ही यहां पर सपा, बसपा एवं रालोद कार्यकर्ताओं का जमावाड़ा होना शुरू हो गया। झंडों के पास पहुंचे कार्यकर्ताओं के उत्साह के चलते जुलूस से राहें भी जाम हो गई। दुपहिया वाहनों के बड़े काफिले के साथ 11 बजे करीब नामांकन जुलूस शुरू हुआ। खुली हुई छत वाली कार में सपा प्रत्याशी रास्ते भर लोगों का अभिवादन स्वीकारते रहे। जुलूस सोरों गेट, बारह पत्थर मैदान से होते हुए कलक्ट्रेट पर पहुंचा। रास्ते भर नारे गूंजते रहे तो राहें भी जाम हो गई। कलक्ट्रेट मुख्य गेट से प्रत्याशी कुंवर देवेंद्र सिंह यादव अपने चार प्रस्तावकों के साथ में नामांकन कक्ष में पहुंचे। यहां डीएम सीपी सिंह को उन्होंने अपना नामांकन पत्र सौंपा। तीन सैट में नामांकन पत्र दाखिल किया है। एटा से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक नामांकन जुलूस में शामिल हुए। जुलूस में बसपा जिलाध्यक्ष राजकुमार जाटव के साथ में किरन यादव आदि उपस्थित थे।

कार्यकर्ताओं में उत्साह, पुलिस ने संभाली व्यवस्था

नामांकन जुलूस के दौरान वाहनों की लंबी कतार के चलते हाईवे पर जाम लग गया। जुलूस भी करीब डेढ़ घंटे में कलक्ट्रेट पर पहुंच सका। कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। बैरीकेडिग पर कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी। सीओ सहावर अभिषेक राहुल के साथ सीओ सिटी आईपी सिंह फोर्स के साथ बैरीकेडिग पर पहुंच गए। यहां से सिर्फ सपा प्रत्याशी एवं उनके प्रस्तावकों को ही आगे जाने दिया। नामांकन कर प्रत्याशी के बाहर आने तक भीड़ बाहर जमी रही।

गठबंधन का किसी से मुकाबला नहीं :

नामांकन के बाद सपा प्रत्याशी कुंवर देवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि गठबंधन का किसी से कोई मुकाबला नहीं है। गठबंधन सूबे में 70 से 72 सीटें जीतेगा। एटा पिछड़ा हुआ जिला है तथा विकास के जो भी मुद्दे अधूरे हैं, उन्हें पूर्ण कराया जाएगा। कासगंज-एटा रेल लाइन के साथ सोरों को पर्यटन स्थल घोषित कराने के साथ उद्योग धंधों के विकास के लिए भी वह प्रयास करेंगे।

chat bot
आपका साथी