दिखा मंदिर का उल्लास, भगवा में झलकी भक्ति

राम मंदिर..। आंदोलन वर्षों पुराना। ऐसे में अयोध्या में राम मंदिर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 Aug 2020 08:14 PM (IST) Updated:Thu, 06 Aug 2020 07:04 AM (IST)
दिखा मंदिर का उल्लास, भगवा में झलकी भक्ति
दिखा मंदिर का उल्लास, भगवा में झलकी भक्ति

कासगंज,जागरण संवाददाता : राम मंदिर..। आंदोलन वर्षों पुराना। ऐसे में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन के दिन कासगंज भी राम नाम से रंगा दिखाई दिया। हर तरफ था तो सिर्फ भगवा ही भगवा रंग। बारहद्वारी से सहावर गेट की तरफ नजर दौड़ाएं या फिर सोरों गेट की तरफ। नदरई गेट की तरफ बढ़ें या बिलराम गेट की तरफ। दुकानों पर भगवा में इस शहर की भक्ति झलक रही थी।

भगवा का यह रंग हर वर्ग पर चढ़ा हुआ था। अयोध्या में बनने वाले मंदिर के लिए मानो इस तरह से आहुति दे रहे हों। बिलराम गेट पर ठेल लगाने वाले दीपक ने भी सुबह 20 रुपये का भगवा झंडा लेकर अपनी ठेल पर लगाया हुआ था। सब्जी बेच रहे रामू भी भगवा झंडे के नीचे सब्जी तौल रहे थे। बाजार में हर दुकान पर भगवा था। भगवान की पोशाक बेचने वालों ने 30-30 रुपये के भगवान राम के चित्र छपे हुए झंडे लगाकर भक्ति संदेश दिया था। नदरई गेट पर नारियल बेचने वालों ने भी अपने पैसे से खरीद कर भगवा ध्वज लगाया। भगवा का यह रंग सिर्फ बाजार में ही नहीं चढ़ा था, बल्कि घरों में भी कुछ यही हाल था। बुधवार को कई घरों में महिलाओं ने त्योहार के रूप में ही मनाया। घरों में दीप जलाए गए तो भगवान के लिए पकवान भी बनाए गए। शाम को मंदिरों में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

-----------

आज नहीं करेंगे दीप का मोल भाव :

अक्सर मिट्टी के दीपक दीपावली के दिन बिकते हैं, लेकिन बुधवार को बच्चे सुबह से ही दीप लेकर निकल पड़े। नदरई गेट पर एक दुकान के बाहर दीप बेचते बच्चे से दुकानदार ने दीपक खरीदते वक्त कहा बेटा आज प्रभु का मंदिर बन रहा है, कोई मोल-भाव नहीं है। बता कितने के दीपक हैं। इस पर इस बच्चे के चेहरे पर भी मुस्कान तैर गई, मानो राम राज आ गया। युवाओं में दिखा उत्साह, भगवा डाल निकले :

राम मंदिर को लेकर युवाओं में भी खासा उत्साह था। कई युवा गले में भगवा पट्टिका डाल कर निकले तो इस दौरान कई जगह पर जयश्रीराम के नारे भी गूंजे।

chat bot
आपका साथी