स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को पुलिस ने लौटाया

बुधवार को गंगा स्नान के लिए सुबह से ही गंगा तट पर भीड़ उमड़ पड़

By JagranEdited By: Publish:Thu, 03 Sep 2020 07:06 AM (IST) Updated:Thu, 03 Sep 2020 07:06 AM (IST)
स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को पुलिस ने लौटाया
स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को पुलिस ने लौटाया

कासगंज, जागरण संवाददाता : बुधवार को गंगा स्नान के लिए सुबह से ही गंगा तट पर भीड़ उमड़ पड़ी। हरिपदी गंगा में सुबह आठ बजे तक हर घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई, लेकिन नौ बजे करीब पुलिस ने सख्ती करते हुए यहां भी स्नान बंद करा दिया।

कनागत के पहले दिन स्नान की परंपरा है। दूर-दूर से भक्तजन स्नान के लिए आते हैं। कोरोना काल के बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह ही गंगा घाट पर पहुंच गए। हालांकि कछला पर सुबह से ही सख्ती थी, लेकिन हरिपदी गंगा पर सुबह श्रद्धालुओं ने स्नान किया। नौ बजे करीब पुलिस ने यहां स्नान पर रोक लगा दी। जो श्रद्धालु घाट पर थे, उन्हें पुलिस ने यहां से वापस लौटाया। वहीं लहरा घाट पर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। गांवों में खेतों के किनारे पर श्रद्धालु स्नान करते दिखाई दिए।

---------

गोरहा पर ही रोक दिए वाहन :

पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए राजस्थान एवं मध्य प्रदेश सहित बाहर से आने वाले वाहनों को गोरहा पर ही रोक दिया। पुलिस की सख्ती को देख कर कई लोग वाहन यहीं खड़े कर पैदल ही हरिपदी गंगा घाट पर पहुंचे।

----------

पुरोहितों में आक्रोश :

एमपी एवं राजस्थान से आने वाले श्रद्धालुओं को रोकने पर पुरोहितों मे आक्रोश दिखाई दिया। सोरों के पुरोहितों का कहना था कि अगर प्रशासन को बुधवार को स्नान पर रोक लगानी थी तो पहले ही आदेश करना चाहिए था। ताकि पुरोहित अपने यजमानों को बुधवार को आने के लिए मना कर देते। इतनी दूर से आए यजमानों को अब परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

-------------

अस्थि विसर्जन के लिए आने वाले परेशान :

पुलिस की सख्ती के चलते अस्थि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालु भी परेशान रहे। सुबह जल्दी पहुंचने वाले तो हरिपदी गंगा पर अस्थि विसर्जन में सफल रहे। नौ बजे करीब जब पुलिस की सख्ती बढ़ी तो हरिपदी गंगा पर स्नान करने वालों को भी लौटा दिया। इससे मध्य प्रदेश एवं राजस्थान से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।

chat bot
आपका साथी