ढाई माह में 50 फीसद किसानों से ही हो सकी धान की खरीद

जागरण संवाददाता कानपुर देहात धान खरीद के लिए जिले में छह एजेंसियों के 55 केंद्र बनाए गए

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 06:30 PM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 06:30 PM (IST)
ढाई माह में 50 फीसद किसानों से ही हो सकी धान की खरीद
ढाई माह में 50 फीसद किसानों से ही हो सकी धान की खरीद

जागरण संवाददाता, कानपुर देहात : धान खरीद के लिए जिले में छह एजेंसियों के 55 केंद्र बनाए गए हैं। जिले में अब तक 18 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसके सापेक्ष अब तक 9255 किसानों से धान की खरीद की गई है। ढाई माह में करीब 50 फीसद किसानों से ही खरीद होने से अन्य किसान केंद्रों के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं।

खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान खरीद एक नवंबर से शुरू हुई थी। जिले में खाद्य विभाग, पीसीयू, पीसीएफ, मंडी समिति, यूपी एग्रो सहित छह एजेंसियों के 55 केंद्रों की ओर से खरीद की जा रही है। वहीं अब तक धान बिक्री के लिए 18 हजार से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है, लेकिन खरीद की रफ्तार मंद होने से 9225 किसानों से ही धान खरीदा जा सका है। वहीं केंद्रों की ओर से खरीदे गए धान का समय से उठान नहीं हो पा रहा है, जिसका प्रभाव खरीद पर पड़ रहा है। बारिश के दौरान अधिकांश केंद्रों पर खरीद बंद रही है। वहीं टोकन की समस्या के कारण भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। आनलाइन टोकन लेने के बाद व्यवस्था में बदलाव से धान बिक्री के लिए उनको दिए गए नंबर में भी परिवर्तन हो गया था। वहीं अब समय से उठान न होने के कारण खरीद की रफ्तार सुस्त हो गई है। अकबरपुर मंडी में टीन शेड बोरों से भर गया है, जिससे अब किसानों की ओर से खरीदे हुए धान को खुले में एकत्र किया जा रहा है। वहीं किसानों की ओर से बिक्री के लिए लाया गया धान भी खुले आसमान के नीचे एकत्र है जबकि आगामी दो से तीन दिनों में फिर से बारिश की संभावना जताई जा रही है। इससे किसानों को फिर धान भीगने का डर सता रहा है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तय लक्ष्य के सापेक्ष 50 फीसद से अधिक की खरीद हो चुकी हैं। वहीं 50 फीसद से अधिक किसानों का धान भी खरीदा जा चुका है। अब जो किसान धान बिक्री करने आ रहे हैं उनका भौतिक सत्यापन कराने का विचार किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी