जेसीबी के आगे बैठीं महिलाएं, बैरंग लौटी टीम

जेसीबी के आगे बैठीं महिलाएं बैरंग लौटी टीम

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Feb 2020 11:35 PM (IST) Updated:Mon, 10 Feb 2020 06:05 AM (IST)
जेसीबी के आगे बैठीं महिलाएं, बैरंग लौटी टीम
जेसीबी के आगे बैठीं महिलाएं, बैरंग लौटी टीम

संवाद सूत्र, रूरा : कस्बा स्थित रामलीला मैदान की रिक्त भूमि पर कब्जेदार निगाह गढ़ाए हैं। पूर्व अस्थाई चिह्नांकन किए जाने के बावजूद रात में दीवार बनाए जाने की शिकायत पर रविवार सुबह एसडीएम व सीओ पुलिस बल के साथ जेसीबी लेकर पहुंचे। यहां महिलाएं जेसीबी के सामने बैठ गर्इं और निर्माण ध्वस्त कराने का विरोध शुरू कर दिया। पर्याप्त पुलिस बल न होने को लेकर टीम को बैरंग लौटना पड़ा। तय किया गया है कि बुधवार को राजस्व टीम विधिवत पैमाइश करेगी, इसके बाद कब्जे ध्वस्त कराए जाएंगे।

रामलीला मैदान दो तरफ से आबादी से घिरा है। मौजूदा समय में रामलीला मैदान के आसपास की रिक्त भूमि पर आबादी के हिस्से की ओर कब्जेदार तेजी से निर्माण करा रहे हैं। पिछले वर्ष दशहरा के दौरान कब्जेदारों का विरोध हुआ था। इस पर राजस्व टीम ने अस्थाई सीमांकन करा दिया था। इसके बाद कुछ लोगों ने धीरे से नींव बना ली और फिर रात में ही दीवार खड़ी करा दी। शनिवार रात कराए गए निर्माण से रावण पुतला दहन स्थल के पास की भूमि पूरी तरह से घिर गई। रविवार सुबह कब्जेदारों का निर्माण देखने पर श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह मुन्ना ने पूरी स्थिति से एसडीएम अकबरपुर आनंद कुमार सिंह को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि रामलीला कमेटी लगातार प्रशासनिक अफसरों को कब्जा होने की सूचना दे रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने से अब निर्माण हो रहा है। इस पर दोपहर 12:30 बजे एसडीएम व सीओ अकबरपुर संदीप सिंह, एसओ विद्यासागर सिंह पुलिस बल व राजस्व टीम के साथ पहुंचे। एसडीएम ने दीवार देखकर नाराजगी जताई और जेसीबी मंगवाई। जेसीबी पहुंचने पर महिलाएं जेसीबी के आगे बैठ गईं और दीवार गिराने का विरोध करने लगीं। लगभग एक घंटे तक माहौल गहमागहमी भरा बना रहा। महिलाओं के आक्रामक होने की वजह से राजस्व टीम बिना अतिक्रमण ध्वस्त कराए लौट गई। एसडीएम ने बताया कि अब बुधवार को रामलीला मैदान की नापजोख कराई जाएगी। इसके बाद अतिक्रमण ध्वस्तीकरण कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी