पौधों के जरिये मतदाताओं तक पहुंचेगी यूथ कांग्रेस

प्रदूषण के खिलाफ अभियान, प्रतिमाह लगाएंगे 101 पौधे, नगर और लखीमपुर खीरी में एक साथ शुरू हुआ अभियान

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Jun 2018 10:13 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jun 2018 11:59 AM (IST)
पौधों के जरिये मतदाताओं तक पहुंचेगी यूथ कांग्रेस
पौधों के जरिये मतदाताओं तक पहुंचेगी यूथ कांग्रेस

जागरण संवाददाता, कानपुर : मतदाताओं तक पहुंचने के लिए राजनीतिक पार्टियां तरह-तरह के फंडे अपनाती हैं। मतदाताओं के बीच पहुंचने का कुछ ऐसा ही फंडा यूथ कांग्रेस ने अपनाया है। एक पंथ दो काज के मुहावरे को चरितार्थ करते हुए यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाकर आम मतदाताओं के बीच पहुंच रहे हैं। यह सारी तैयारियां 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए की जा रही हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर देश भर में कांग्रेसियों ने पौधरोपण किया। यूथ कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ ने इसे अभियान का रूप दे दिया। 19 जून को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाजपत नगर के रामलीला पार्क में 101 पौधे रोपे। कार्यकर्ता प्रत्येक माह की 15 से 20 तारीख के बीच वार्ड का चयन करेंगे और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से पौधरोपण करेंगे। पौधों को संरक्षित रखने के लिए क्षेत्रीय लोगों को ही भागीदार बनाया जाएगा। स्थान के चयन की जिम्मेदारी वार्ड के कार्यकर्ताओं को सौंपी गई है। उप्र यूथ कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के चेयरमैन मो. तौहीद ने बताया कि पौधों की व्यवस्था भी कार्यकर्ता स्वयं करेंगे। शहर के साथ लखीमपुर में एक साथ इस अभियान की शुरूआत की गई है। जल्द ही नगर ग्रामीण, कन्नौज, बाराबंकी में भी इसकी शुरूआत कर दी जाएगी।

- - - - - - - - - - - - - -

यहां बनाई गईं कमेटियां

चेयरमैन ने बताया कि सेंट्रल जोन के 26 लोकसभा और 130 विधानसभा क्षेत्रों में कमेटियां बना दी गई हैं। सभी को संदेश भेजकर रूपरेखा बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही हर क्षेत्र में पौधरोपण का काम शुरू हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी