वृद्ध के अंतिम संस्कार में गया युवक गंगा में डूबा, एक घंटे बाद मिला शव

फर्रुखाबाद के कमालगंज क्षेत्र में एक वृद्ध के अंतिम संस्कार में गया युवक गंगा में डूब गया। एक घंटे की मेहनत के बाद गोताखोरों ने युवक के शव को गंगा से बाहर निकाला। युवक की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन बिलखते हुए यहां पहुंचे।

By Sarash BajpaiEdited By: Publish:Thu, 18 Mar 2021 06:23 PM (IST) Updated:Thu, 18 Mar 2021 06:23 PM (IST)
वृद्ध के अंतिम संस्कार में गया युवक गंगा में डूबा, एक घंटे बाद मिला शव
अंतिम संस्कार मे गए युवक की गंगा में डूबकर मौत।

कानपुर, जेएनएन। फर्रुखाबाद के कमालगंज क्षेत्र में स्थित श्रृंगीरामपुर गंगा तट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने गया युवक नहाने के दौरान गंगा में डूब गया। गंगा की रेती में काम कर रहे गोताखोरों व ग्रामीणों ने युवक की तलाश शुरू की। एक घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव मिला। स्वजनों को घटना की जानकारी हुई तो वह लोग भी गंगा तट पर पहुंच गए।

ग्राम पंचायत निनौरा श्रृंखलापुर के मजरा सिगुरापुर निवासी 60 वर्षीय मूलचंद की बीमारी के चलते बुधवार को मौत हो गई थी। गुरुवार को श्रृंगीरामपुर घाट पर उनके स्वजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। गांव के करीब एक सैकड़ा लोग भी गंगा तट पर उनके साथ गए थे। जिसमें राधेश्याम का 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र भी शामिल था। वृद्ध के शव को मुखाग्नि देने के बाद गांव के लोग धूप से बचने के लिए गंगा में बैठ गए और कुछ लोग पानी के अंदर अठखेलियां करने लगे। इस दौरान धर्मेंद्र गंगा के अंदर गहरे पानी में चला गया और वहां डूब गया। धर्मेंद्र के डूबने की जानकारी पर गंगा तट पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। लोग गंगा में कूदे और उसकी तलाश में जुट गए। कुछ लोगों ने गंगा की रेती में काम कर रहे गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कर दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद धर्मेंद्र का शव गंगा से निकाला गया। शव बाहर लाए जाते ही चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी धर्मेंद्र की मां प्रेमवती, भाई रवि व अनमोल को फोन द्वारा दी। स्वजन व ग्रामीण गंगा तट पर पहुंच गए। बेटे का शव देखकर मां गश खाकर गिर पड़ी। खुदागंज चौकी प्रभारी जगदीश भाटी मौके पर पहुंच गए। छोटे भाई रवि ने बताया कि धर्मेंद्र ने शादी नहीं की थी और वह मजदूरी करते थे।  

chat bot
आपका साथी