24 घंटे में कानपुर में हुई 21 मिलीमीटर बारिश, सर्दी के सीजन में बना सबसे अधिक बारिश का रिकार्ड

गुरुवार से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक करीब 21 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई जो इस सर्दी के सीजन 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान करीब 13.4 दर्ज किया गया है।

By Abhishek VermaEdited By: Publish:Fri, 07 Jan 2022 12:43 PM (IST) Updated:Fri, 07 Jan 2022 12:43 PM (IST)
24 घंटे में कानपुर में हुई 21 मिलीमीटर बारिश, सर्दी के सीजन में बना सबसे अधिक बारिश का रिकार्ड
पश्चिमी विक्षोभ के साथ बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र करा रहा बारिश।

कानपुर, जागरण संवाददाता। पश्चिमी विक्षोभ के साथ राजस्थान व मध्यप्रदेश में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण आसमान पर घने बादल छाए हैं। इसके कारण गुरुवार तड़के से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी हाे सकती है। गुरुवार से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक करीब 21 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई, जो इस सर्दी के सीजन 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में महज दो से तीन डिग्री का अंतर रह गया है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान करीब 13.4 दर्ज किया गया है। इसके कारण ठिठुरन और गलन बढ़ती जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने हवा की रफ्तार और तेज होने के साथ ही शीतलहर में इजाफा होने की संभावना जताई है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही राजस्थान में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इन चक्रवाती हवाओं के कारण बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं यूपी, बिहार, मध्यप्रदेश में आ रही हैं। इसके चलते आसमान पर बादल छाए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में बारिश के साथ ही कई स्थानों पर हिमपात भी हुआ और इधर, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। गंगा के मैदानी इलाकों के साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश व बिहार के कुछ हिस्सों में घना कोहरा भी छाया रहा। अब अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी और अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है। बता दें कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार रात तक करीब 11 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई, जो इस सर्दी के सीजन की एक दिन में सबसे अधिक बारिश रिकार्ड की गई है।

डा. पांडेय के मुताबिक रविवार के बाद पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने पर आसमान से बादलों का छंटना शुरू हो सकता है। इसके बाद मौसम साफ होने पर न्यूनतम तापमान में कमी और अधिकतम में बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस दौरान कोहरे और धुंध की मात्रा भी बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से भी ज्यादा कम हुआ तो पाला गिरने की आशंका है। ऐसे में किसान फसलों की सुरक्षा करें और कीटनाशक, खरपतवारनाशी, रोगनाशक दवाओं का छिड़काव रुककर करें।

chat bot
आपका साथी