Vikas Dubey Case News: एनकाउंटर के साढ़े तीन महीने बाद विकास दुबे के खिलाफ एक और केस दर्ज

Vikas Dubey Case News गैंगस्टर विकास दुबे भले ही पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया है लेकिन उसकी कारगुजारी का चिट्ठा अभी भी खुलता जा रहा है। विकास दुबे का नाम संपत्ति विवाद में अब बड़ी धोखाधड़ी के मामले में सामने आया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 05:28 PM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 06:24 PM (IST)
Vikas Dubey Case News: एनकाउंटर के साढ़े तीन महीने बाद विकास दुबे के खिलाफ एक और केस दर्ज
बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपित विकास दुबे 10 जुलाई को एनकाउंटर में मारा गया था

कानपुर, जेएनएन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के महाकाल मंदिर के बाहर ''मैं हूं विकास दुबे कानपुर वाला" की हुंकार भरने वाले कानपुर के गैंगस्टर की चर्चा उसके एनकाउंटर के साढ़े तीन महीने बाद भी बेहद गर्म है। कानपुर में बीती दस जुलाई को पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ में मारे गए विकास दुबे के खिलाफ कोतवाली बीते रविवार यानी 18 अक्टूबर को एक और केस दर्ज कराया गया है।

गैंगस्टर विकास दुबे भले ही पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया है, लेकिन उसकी कारगुजारी का चिट्ठा अभी भी खुलता जा रहा है। विकास दुबे का नाम संपत्ति विवाद में अब बड़ी धोखाधड़ी के मामले में सामने आया है। कानपुर पुलिस ने विकास दुबे के सहयोगी महेश दीक्षित और उसकी पत्नी विजय लक्ष्मी के खिलाफ भी इस केस में मामला दर्ज किया है। यहां पर एक बुजुर्ग महिला ने कोतवाली पुलिस स्टेशन में तीनों के खिलाफ स्वरूप नगर में उसके घर के दस्तावेज के साथ बड़ा फर्जीवाड़ा करने के मामले में केस दर्ज करा दिया है। महिला ने गैगस्टर विकास दुबे पर उसके पति को गायब करने का आरोप लगाया है, जो 15 वर्ष पहले गायब हो गए थे और अबतक लापता हैं।

कोतवाली पुलिस स्टेशन इंस्पेक्टर संजीव कांत मिश्रा के अनुसार, इस शिकायतकर्ता कमला देवी ने कहा कि डेयरी के मालिक महेश दीक्षित और उसकी पत्नी ने उसके स्वरूप नगर घर को लेकर फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज दिखाए। उन्होंने दावा किया कि उसके (महिला के) पति ने यह घर विकास दुबे और विजय लक्ष्मी को बेच दिया है। दोनों ने बुजुर्ग महिला को घर खाली करने को कहा था। महिला ने रविवार को एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत रविवार को एक मामला दर्ज किया गया और इस बाबत जांच शुरू की गई है।

कानपुर के चौबेपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपित विकास दुबे 10 जुलाई को एनकाउंटर में मारा गया था। उसके पांच सहयोगी भी विभिन्न एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं और बिकरू कांड में 37 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

chat bot
आपका साथी