अब 'सब्जी दिवस' भी, जानें कहां और कैसे मनेगा यह दिवस

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में जनवरी की पहले सप्ताह में सब्जी दिवस मनाया जा रहा है।

By AbhishekEdited By: Publish:Sat, 22 Dec 2018 06:18 PM (IST) Updated:Sat, 22 Dec 2018 06:18 PM (IST)
अब 'सब्जी दिवस' भी, जानें कहां और कैसे मनेगा यह दिवस
अब 'सब्जी दिवस' भी, जानें कहां और कैसे मनेगा यह दिवस

कानपुर, जेएनएन। वैसे तो प्रत्येक माह में कई विशेष दिवस मनाए जाते हैं। कृषि क्षेत्र में भी 21 मार्च को विश्व वानिकी दिवस तो 23 दिसंबर को किसान दिवस मनाते हैं, अब इस कड़ी में शहर में सीएसए कृषि विश्वविद्यालय में एक और दिवस मनाया जा रहा है। यह दिवस भी एकदम अनोखा है और मनाने का अंदाज भी एकदम अलग होगा।

जनवरी में मनाएंगे सब्जी दिवस

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) में 'सब्जी दिवस' मनाया जा रहा है। यह जनवरी के पहले हफ्ते में आयोजित किया जाएगा। इसमें न सिर्फ किसानों को सब्जियों के बारे में जानकारी दी जाएगी, बल्कि उन्हें प्रशिक्षण भी मिलेगा। उन्हें दूसरे शहरों और राज्यों के सफल किसानों से संवाद करने का मौका मिलेगा। उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह कम संसाधन के बावजूद बेहतर उत्पादन किया जा सकता है। सिर्फ पैदावार ही नहीं, उनकी मार्केटिंग और प्रबंधन भी जरूरी है। उसके बारे में जानकारी दी जाएगी।

आइसीएआर के वैज्ञानिक होंगे शामिल

सब्जी दिवस में इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च (आइसीएआर) के वैज्ञानिक भी शामिल होंगे। वह किसानों को पॉलीहाउस और साल भर में उगने वाली सब्जियों के बारे में बताएंगे। किसान उनसे कई तरह के प्रश्न कर सकेंगे।

सब्जियों की नई प्रजातियां मिलेंगी

यह आयोजन शाक भाजी अनुभाग में आयोजित किया जा रहा है। इसमें सब्जियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। किसान कई नई प्रजातियों के बारे में जान सकेंगे। उनके बीज कहां से मिल सकते हैं, उसकी जानकारी दी जाएगी। सीएसए कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के संयुक्त निदेशक शोध डॉ. डीपी सिंह ने बताया कि सब्जी दिवस अपने आप में अलग तरह से होगा। इसमें किसानों को बहुत सी नई जानकारियां दी जाएंगी। उनकी समस्याओं को विशेषज्ञ दूर कर सकेंगे।

chat bot
आपका साथी