लुटेरों ने चलती बाइक से महिला को मारा धक्का, मौत

शहर में ताबड़तोड़ चेन लूट की वारदातों में पुलिस की नाकामी ने लुटेरों के हौसले बुलंद कर दिए गए हैं। गोविंदनगर में बेखौफ लुटेरों ने बेटे संग जा रही महिला की झुमकी लूटने के दौरान हाथ पकड़ने की कोशिश पर उन्हें धक्का दे दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 May 2019 02:20 AM (IST) Updated:Fri, 24 May 2019 06:19 AM (IST)
लुटेरों ने चलती बाइक से महिला को मारा धक्का, मौत
लुटेरों ने चलती बाइक से महिला को मारा धक्का, मौत

जागरण संवाददाता, कानपुर : शहर में ताबड़तोड़ चेन लूट की वारदातों में पुलिस की नाकामी ने लुटेरों के हौसले बुलंद कर दिए गए हैं। गोविंदनगर में बेखौफ लुटेरों ने बेटे संग जा रही महिला की झुमकी लूटने के दौरान हाथ पकड़ने की कोशिश पर उन्हें धक्का दे दिया। इससे बाइक सवार महिला की सिर के बल सड़क पर गिरने से मौत हो गई। वारदात से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस अब तक कातिल लुटेरों का पता नहीं लगा सकी है।

रावतपुर गांव निवासी पुरोहित राजेंद्र दीक्षित के अर्रा बिनगवां निवासी बहनोई रामलखन तिवारी की बेटी की शादी में शामिल होने परिवार समेत गए थे। देर रात पत्नी 55 वर्षीय अनीता, बेटे आशू की बाइक पर बैठकर लौट रही थीं। पीछे से राजेंद्र भी दूसरी बाइक पर काकादेव निवासी बहनोई एसएन शुक्ला के साथ आ रहे थे। जैसे ही आशू दादानगर पुल पर चढ़ा, तभी पीछे से तेज रफ्तार सफेद रंग की बाइक सवार दो लुटेरों ने अनीता की झुमकी लूट ली। अनीता ने शोर मचाते हुए लुटेरे का हाथ पकड़ने की कोशिश की तो पीछे बैठे बदमाश ने उन्हें जोर से धक्का दे दिया इससे अनीता सिर के बल पर बीच पुल पर जा गिरीं। लुटेरे विजयनगर की ओर फरार हो गए।

आशू, पिता राजेंद्र के साथ उन्हें एलएलआर अस्पताल (हैलट) ले गया, जहां डाक्टर ने अनीता को मृत घोषित कर दिया। इस बीच घटनास्थल पर यूपी 100 की पीआरवी भी पहुंचकर जांच पड़ताल की। सूचना पर शादी वाले घर से भी रिश्तेदार पहुंचे। बेटियां प्रीति व ज्योति रो-रोकर बेहाल हो गईं। परिजनों का कहना है कि पुलिस की नाकामी के चलते शहर में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इसी का नतीजा है कि अनीता की जान चली गई।

--

बर्रा बाईपास से पीछा कर रहे थे लुटेरे

आशू ने बताया कि लुटेरे काफी देर से पीछा कर रहे थे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने हेलमेट लगा रखा था। जबकि बाइक चलाने वाले ने मुंह बांधा हुआ था। पुलिस विजयनगर चौराहे व आसपास लगे कैमरों की फुटेज निकलवाने की कोशिश कर रही है।

--

लूट की घटनाओं को लेकर कुछ गैंग पर काम चल रहा है। संदिग्धों की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। -- रवीना त्यागी, एसपी साउथ

chat bot
आपका साथी