सपा माउथ मीडिया से देगी भाजपा के सोशल मीडिया का जवाब

भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने के लिए सपा ने स्थानीय मुद्दों को सूचीबद्ध करना शुरू किया, छपवाकर बंटवाए जाएंगे पर्चे।

By Edited By: Publish:Tue, 05 Feb 2019 01:43 AM (IST) Updated:Tue, 05 Feb 2019 04:36 PM (IST)
सपा माउथ मीडिया से देगी भाजपा के सोशल मीडिया का जवाब
सपा माउथ मीडिया से देगी भाजपा के सोशल मीडिया का जवाब
कानपुर, जागरण संवाददाता। लोकसभा चुनाव में जीत के लिए सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बना रहे हैं। भाजपा ने सोशल मीडिया को बड़ा हथियार बनाया है तो सपा माउथ मीडिया का दांव आजमाने जा रही है। जनता के बीच भाजपा के खिलाफ माहौल बनाने को पार्टी ने प्रमुख स्थानीय मुद्दों को सूचीबद्ध करना शुरू कर दिया है।
 भाजपा का चुनावी रथ रोकने की मंशा से सपा ने बसपा के साथ गठबंधन किया है। दोनों दल किस तरह चुनावी मुहिम चलाएंगे, इसके निर्देश अभी हाईकमान से नहीं आए हैं। मगर, सपा ने अपनी रणनीति बनानी जरूर शुरू कर दी है। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने बताया कि तमाम राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय मुद्दे हैं, जिनसे हम भाजपा को कमजोर कर सकते हैं। हम उनका जिक्र साइकिल यात्रा और समाजवादी विजन विकास यात्रा के जरिए जनता के बीच कर चुके हैं। हमारी तैयारी है कि स्थानीय मुद्दों को जनता के बीच उठाया जाए। उन्हें याद दिलाया जाए कि कैसे इस सरकार के शासनकाल में आपके साथ अन्याय हुआ है।
इसके लिए हर लोकसभा सीट के हिसाब से स्थानीय मुद्दे सूचीबद्ध किए जा रहे हैं। उनके पर्चे छपवाकर जनता में बंटवाएंगे। भाजपा की सोशल मीडिया पर मजबूती के सवाल पर उनका कहना था कि हम माउथ मीडिया को मजबूत करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत रूप से हमारे युवा कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं। मगर, हम उससे ज्यादा माउथ मीडिया का इस्तेमाल करेंगे। हमारे कार्यकर्ता, नेता जनसंपर्क करेंगे। जनता को पर्चे थमाकर उन मुद्दों पर चर्चा भी करेंगे। इसके अलावा नुक्कड़ सभाओं की संख्या ज्यादा रखी जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक हम अपनी बात पहुंचा सकें।
chat bot
आपका साथी