UP: मामूली विवाद पर कानपुर में सांप्रदायिक तनाव, दो पक्षों के बीच मारपीट-पथराव में युवक की मौत

हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति। क्षेत्र में पानी के पाउच से छींटे पड़ने को लेकर अमान और उसके साथियों से विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। स्थानीय लोगों के बीच बचाव करने पर मामला शांत हो गया।

By ShaswatgEdited By: Publish:Sun, 15 Nov 2020 10:55 PM (IST) Updated:Sun, 15 Nov 2020 11:19 PM (IST)
UP: मामूली विवाद पर कानपुर में सांप्रदायिक तनाव, दो पक्षों के बीच मारपीट-पथराव में युवक की मौत
एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल और एएसपी कैंट सत्यजीत गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

कानपुर, जेएनएन। जाजमऊ के वाजिदपुर में मामूली विवाद में दो संप्रदाय के लोग आमने सामने आ गए। जिसके बाद दोनों संप्रदाय में मारपीट और पथराव हो गया। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पुलिस एलएलआर अस्पताल हैलट ले गई। जहां डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने ताबड़तोड़ दबिश देकर सात आराेपितों को हिरासत में लिया है। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने डीआईजी से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

पानी के पाउच से छींटें पड़े तो हाे गया विवाद

वाजिदपुर निवासी टेनरी कर्मी श्री राम निषाद  का 25 वर्षीय बेटा पिंटू निषाद चप्पल के ऊपर का काम करते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार रविवार रात को वह अपने बड़े भाई दीपक और साथी संदीप के साथ जा रहे थे। तभी  क्षेत्र में पानी के पाउच से छींटे पड़ने को लेकर अमान और उसके साथियों से विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। स्थानीय लोगों के बीच बचाव करने पर मामला शांत हो गया। कुछ देर बाद दोनों संप्रदाय के लोग आमने सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे व पथराव हुआ। जिसमें पिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए सूचना पर पहुंची पुलिस  घायल को हैलट अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

तनाव को भांपते हुए बढ़ा दी गई फोर्स 

मोहल्ले में तनाव की स्थिति को देखते हुए एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल और एएसपी कैंट सत्यजीत गुप्ता फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि पानी का छींटे पड़ने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी। जिसमें एक युवक की मौत हो गई है।  मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

इनका ये है कहना 

एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि वाजिदपुर में कुछ युवक एक पान की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के आमान व उसके साथी वहां से गुजरे। पान की दुकान के पास खड़े पानी के खाली पाउच से कुछ छींटें अमान व उसके साथियों पर पड़ गईं। इस पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। आरोप है कि अमान के साथियों ने फोन करके अपने दो दर्जन अन्य साथियों को भी बुला लिया और उन्होंने आते ही पथराव शुरू कर दिया। इसी दौरान हमले में पिंटू निषाद नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे हैलट ले गए, लेकिन वहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

chat bot
आपका साथी