CM Yogi in Kanpur : सपा विधायक को पुलिस ने पकड़ा, कांग्रेसियों को आवास में किया नजरबंद Kanpur News

उन्नाव कांड पर सपाइयों और कांग्रेसियों को ज्ञापन देने और काला झंडा दिखाने जाने पर पुलिस ने रोका।

By AbhishekEdited By: Publish:Sat, 07 Dec 2019 03:51 PM (IST) Updated:Sat, 07 Dec 2019 03:51 PM (IST)
CM Yogi in Kanpur : सपा विधायक को पुलिस ने पकड़ा, कांग्रेसियों को आवास में किया नजरबंद Kanpur News
CM Yogi in Kanpur : सपा विधायक को पुलिस ने पकड़ा, कांग्रेसियों को आवास में किया नजरबंद Kanpur News

कानपुर, जेएनएन। शहर आगमन पर मुख्यमंत्री को काला झंडा दिखाने की फिराक में पहुंचे सपा विधायक समेत कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं महिला सुरक्षा और उन्नाव कांड को लेकर ज्ञापन देने की तैयारी कर रहे कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर दिया। इसपर सपा और कांग्रेस नेताओं ने बेहद रोष जता इस तरह की हरकत को भाजपा सरकार का तानाशाह रवैया करार दिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर आगमन की तैयारियों की समीक्षा करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार को कार्यक्रम था। इसके चलते सपा नेताओं ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और उन्नाव कांड पर सीएम को काला झंडा दिखाने की रणनीति बनाई थी। इसी क्रम में छिपकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी स्कूटी और कार्यकर्ता भी शनिवार की सुबह कंपनी बाग चौराहे पर पहुंच गए। इसकी जानकारी होते ही पुलिस सक्रिय हो गई।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर आते देखकर सपाइयों ने काले झंडे दिखाने शुरू कर दिये। पुलिस ने सपाइयों को चारों तरफ से घेर लिया और हिरासत में लेने का प्रयास किया। इसपर सपा विधायक समेत कार्यकर्ताओं की पुलिस से कहासुनी हो गई। पुलिस कर्मियों ने सपा विधायक को उठाकर वाहन में डाला और नारेबाजी कर रहे सपाइयों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। मुख्यमंत्री के जाने के बाद सभी को छोड़ा गया।

उधर, महिला सुरक्षा और उन्नाव कांड पर सीएम को ज्ञापन देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी कानपुर की अध्यक्षा ऊषा रानी कोरी आवास में रणनीति बना रही थीं। उनके साथ कांग्रेस नेता राजीव द्विवेदी, नरेंद्र चंचल कुशवाहा, प्यारे लाल कमल, रंजीत कुमार शर्मा आदि थे। इस बीच जानकारी होते ही पुलिस ने उनके आवास पर पहुंच गई और सभी के बाहर निकलने पर प्रतिबंध लगाते हुए नजरबंद कर दिया।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि तानाशाह योगी आदित्यनाथ जब-जब जनता के सवालों से डरते हैं तब-तब वो पुलिस को आगे करते हैं । कांग्रेस के कार्यकर्ता न डरने वाले है और न झुकने वाले हैं। योगी सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने की नाकाम कोशिश कर रही है। जनता इस सरकार की सारी सच्चाई जान चुकी है।

chat bot
आपका साथी