बिरहाना रोड में बेसमेंट की दीवार गिरने से मजदूर की मौत, तीन घायल

तनिष्क शोरूम के सामने बन रही थी इमारत, घटना के बाद काम बंद कराके ठेकेदार फरार।

By AbhishekEdited By: Publish:Fri, 21 Dec 2018 03:27 PM (IST) Updated:Fri, 21 Dec 2018 05:00 PM (IST)
बिरहाना रोड में बेसमेंट की दीवार गिरने से मजदूर की मौत, तीन घायल
बिरहाना रोड में बेसमेंट की दीवार गिरने से मजदूर की मौत, तीन घायल
कानपुर, जागरण संवाददाता। बिरहाना रोड पर तनिष्क शोरूम के सामने निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट की दीवार गिरने से शुक्रवार दोपहर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि मिस्त्री समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फीलखाना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ठेकेदार व अन्य साथी मजदूर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
निर्माणाधीन इमारत एक सर्राफ की बताई जा रही है। शुक्रवार दोपहर छत्तीसगढ़ के मिस्त्री रामकुमार समेत करीब 10 मजदूर बेसमेंट में काम कर रहे थे। उन्होंने बिरहाना रोड के पीछे गली की ओर दीवार बना दी थी। इसके बाद तीन मजदूरों को मिट्टी भरने के लिए लगाया गया। दीवार कच्ची होने से अचानक भरभराकर ढह गई और मलबे में दबने से रामकुमार, शुक्लागंज मिश्रा कालोनी निवासी मजदूर पिता पुत्र व आजाद बिहार निवासी लगन गंभीर रूप से घायल हो गए। चीखपुकार मचने पर साथी मजदूर व आसपास के लोग दौड़े और सभी को मोती अस्पताल ले गए। जहां लगन को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
आसपास के लोगों ने बताया कि इस दौरान ठेकेदार ने आकर काम बंद कराकर व बाकी मजदूरों को हटाकर प्लाट के दोनों तरफ टिनशेड पर ताला डाल दिया और फरार हो गया। सुचना पर एसपी पश्चिम संजीव सुमन व् सिटी मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश फ़ोर्स के साथ पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। एसपी ने बताया कि दीवार गिरने से हादसा हुआ जिसमें मजदूर की मौत हो गई। मामले की जांच कराई जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
chat bot
आपका साथी