Kanpur Weather Update: अगले दो दिन धूप-छांव के बीच बूंदाबांदी की संभावना, इन क्षेत्राें में हो सकती बारिश
कानपुर शहर में रविवार को अधिकतम तापमान 33.6 और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 89 और न्यूनतम 61 प्रतिशत रही। वहीं उत्तर पूर्वी दिशा में 4.0 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही।
कानपुर, जेएनएन। मौसम में धूप छांव की लुका-छिपी के बीच रविवार रात तक बूंदाबांदी अपनी झलक दिखाएगी। हवा की गति की बात करें तो गति सामान्य से तेज रहेगी, जबकि तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। इसके अलावा बीच-बीच में तेज बारिश भी हो सकती है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बूंदाबांदी और बारिश की संभावना बन रही है। मौजूदा सिस्टम बारिश की ओर इशारा कर रही है।
पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 7.6 किमी तक है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुक रहा है। यह निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटे में पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। पूर्वी राजस्थान के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र है और संबंधित चक्रवाती परिसंचरण औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। मानसून की ट्रफ जैसलमेर, पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने हुए टीम दबाव के केंद्र से होते हुए सतना, अंबिकापुर, बालासोर और फिर दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र से गुजर रही है। एक ट्रफ रेखा पूर्वोत्तर अरब सागर से गुजरात होते हुए पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
अगले 24 घंटे के दौरान मौसम की संभावित गतिविधि: डा.एसएन सुनील पांडेय ने बताया की अगले 24 घंटे के दौरान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, कानपुर सहित पूरे मंडल में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।
यहां बारिश की संभावना: पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी गुजरात और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
यहां हल्की बारिश के आसार: पश्चिम बंगाल, कोंकण, गोवा, तटीय कर्नाटक, पश्चिमी राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु, बिहार और पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश संभव है।