Kanpur Weather Update: मार्च माह में होली पर रहा सबसे गर्म दिन और रात, बढ़ रहा पश्चिमी विक्षोभ का असर
कानपुर शहर में होली के परेवा पर गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अधिकतम आद्रता भी कम हो गई है। अगला पश्चिमी विक्षोभ अप्रैल की पहली तारीख तक आ सकता है।
कानपुर, जेएनएन। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर पश्चिमी हवा रुक गई है और पहाड़ों से आने वाली हवाओं पर भी ब्रेक लग गया है। यही वजह रही कि होली पर रंग खेलने वाला दिन मार्च माह का सबसे गर्म रहा और रात को भी तापमान में खासा बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। बीते दस साल में दूसरी बार ऐसा हुआ है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम की विभाग की मानें तो अभी दो दिन और गर्मी पडऩे की आशंका है और उमस भी रहेगी। यह स्थिति जम्मू कश्मीर के पास बने पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई है, यह मंगलवार को खिसक कर उत्तराखंड के पहुंच जाएगा। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हुई। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब में सामान्य से तेज हवा चल रही हैं। मंगलवार को कानपुर में आंशिक तेज गति से हवा चलने की संभावना है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक इस बार का पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा मजबूत नहीं है, लेकिन अधिक ऊंचाई पर सक्रिय होने से उत्तर पश्चिमी हवा रुक गई है। वातावरण में नमी का असर लगातार गिरता जा रहा है। अरब सागर और पश्चिम बंगाल से नमी लिए हवाएं भी नहीं आ रही है। सोमवार का दिन और रविवार की रात सबसे गर्म रही। मंगलवार का तापमान भी बढ़ सकता है। अधिकतम आर्द्रता 53 फीसद और हवा 3.1 किलोमीटर प्रति घंटे रफ्तार से रिकॉर्ड हुआ। गुजरात के ऊपर चक्रवाती हवा का क्षेत्र और पश्चिम बंगाल पास विपरीत चक्रवाती हवा का क्षेत्र का क्षेत्र बना है।कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, कन्नौज में ऐसा मौसम रहेगा। अगला पश्चिमी विक्षोभ अप्रैल की पहली तारीख तक आ सकता है।