Kanpur COVID-19 News Update संक्रमितों में आत्मविश्वास जगाकर कोविड का खौफ खत्म कर रहीं कानपुर की प्रियंका
Kanpur COVID-19 News Updateप्रियंका पिछले एक वर्ष से कोविड के न्यूरो वार्ड में मरीजों की सेवा कर रहीं हैं। एक दिन पहले ही उन्हें संक्रमित होने की जानकारी मिली। जानकारी होने पर उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है।
कानपुर, [अंकुश शुक्ल]। Kanpur COVID-19 News Update कोरोना से संक्रमित मरीजों में आत्मविश्वास जगाकर हैलट अस्पताल की नर्स प्रियंका आज स्वयं संक्रमित हो गईं हैं। खुद को घर में क्वारंटीन करने के साथ ही वे जल्द मरीजों की सेवा के लिए ड्यूटी पर आने को आतुर हैं।
मेडिकल कॉलेज परिसर में रहने वाली 25 वर्षीय प्रियंका छह से सात घंटे प्रतिदिन संक्रमितों की सेवा करती रहीं। वह बताती हैं कि न्यूरो कोविड सेंटर में बुजुर्ग मरीजों की संख्या ज्यादा है। उन्हें समय पर दवा देने के साथ उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना नहीं भूलतीं। प्रियंका ने बताया कि वार्ड में एक बार जाने के बाद लगभग सात घंटों के बाद ही पानी नसीब होता है। यह एक चुनौतीपूर्ण समय होता है।
प्रियंका पिछले एक वर्ष से कोविड के न्यूरो वार्ड में मरीजों की सेवा कर रहीं हैं। एक दिन पहले ही उन्हें संक्रमित होने की जानकारी मिली। जानकारी होने पर उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। वह कहती हैं कि मैं जल्द स्वस्थ होकर फिर से अपने स्वधर्म का पालन करूंगी। बोलीं, लखनऊ से मां मायादेवी और परिवार फोन के जरिए प्रोत्साहित करते रहते हैं।