दर्दनाक : सुबह-सुबह हंसी-खुशी निकला था परिवार, पल भर में आई उनकी मौत की खबर

उन्नाव नबावगंज के ब्लॉक प्रमुख के भतीजे, उसकी पत्नी व दुधमुंही बेटी की कार हादसे में मौत हो गई।

By AbhishekEdited By: Publish:Thu, 17 Jan 2019 12:30 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jan 2019 12:30 PM (IST)
दर्दनाक : सुबह-सुबह हंसी-खुशी निकला था परिवार, पल भर में आई उनकी मौत की खबर
दर्दनाक : सुबह-सुबह हंसी-खुशी निकला था परिवार, पल भर में आई उनकी मौत की खबर

उन्नाव, जेएनएन। नवाबगंज में गुरुवार की सुबह पति-पत्नी और दुधमुंही बेटी का हंसता खेलता परिवार कार से फिरोजाबाद के लिए निकला था। अभी कुछ दूर का ही सफर तय किया था, कि उनकी मौत की खबर घर पहुंची तो परिजन बेसुध हो गए। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर पक्षी विहार के पास किसी वाहन की टक्कर से अनियंत्रित कार पुलिया में घुस गई और हादसे में दंपती और उनकी मासूम बेटी की मौत हो गई।

नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख अरुण सिंह के भतीजे हर्षवर्धन सिंह (22) उर्फ लकी पुत्र बालेन्द्र सिंह गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पत्नी रिशा (20) और एक माह की बेटी के साथ फाच्र्यूनर कार से फिरोजाबाद ससुराल जाने के लिए निकला था। अभी वह घर से एक किमी दूर पक्षी विहार के पास पहुंचा ही था कि किसी वाहन की टक्कर से अनियंत्रित हुई कार पुलिया में घुस गई। हादसे में कार सवार लकी सिंह, उनकी पत्नी और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान के बाद परिजनों को सूचना दी। घर पर हादसे की जानकारी पहुंचते ही परिजन बेसुध हो गए और कोहराम मच गया। ब्लॉक प्रमुख परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। ब्लॉक प्रमुख अरुण सिंह ने बताया कि लकी के साले को बेटा हुआ है, जिसके चलते गुरुवार सुबह लकी, पत्नी व बेटी के साथ फिरोजाबाद के लिए निकला था।

chat bot
आपका साथी