मकान के बेसमेंट में मोबिल ऑयल के गोदाम में लगी आग, दहशत में रहे लोग

आठ दमकल गाडिय़ों से बुझाई आग। 15 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।मकान को बिना सुरक्षा उपकरण के कमर्शियल प्रयोग में लिया जा रहा था। सीएफओ ने नोटिस दिये जाने की बात कही।

By AbhishekEdited By: Publish:Wed, 19 Sep 2018 07:11 PM (IST) Updated:Wed, 19 Sep 2018 07:11 PM (IST)
मकान के बेसमेंट में मोबिल ऑयल के गोदाम में लगी आग, दहशत में रहे लोग
मकान के बेसमेंट में मोबिल ऑयल के गोदाम में लगी आग, दहशत में रहे लोग

कानपुर (जागरण संवाददाता)।  काकादेव के नवीन नगर स्थित टाइल्स व्यापारी विरजानंद रस्तोगी के मकान के बेसमेंट में चल रहे मोबिल आयल के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल कर्मियों ने आठ गाडिय़ों की मदद से दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान आसपास क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का आलम रहा और मकान के बाहर भीड़ लगी रही। 

नवीनगर में विरजानंद का दो मंजिला मकान है। बेसमेंट में उनके भांजे विष्णु रस्तोगी का गोल्फ मोबिल ऑयल का गोदाम है। बुधवार की दोपहर गोदाम से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने सूचना दी। इसके बाद विष्णु मौके पर पहुंचे और भीषण आग देखकर तत्काल पुलिस और दमकल कर्मियों को सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर पुलिस और दमकल जवान पहुंचे और आग बुझाना शुरू किया।

बेसमेंट में आग होने की वजह से पानी पहुंचाने का रास्ता नहीं मिल रहा था। इसके बाद दमकल कर्मियों ने बेसमेंट की खिड़कियों के शीशे तोड़कर पानी डालना शुरू किया। मोबिल ऑयल में आग को बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कर्नलगंज, फजलगंज और लाटूश रोड से आठ दमकल वाहन मंगाए गए। इसके बाद दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। विष्णु के अनुसार आग से लगभग 15 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी जा सकती है। सीएफओ का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मकान को बिना सुरक्षा उपकरण के कमर्शियल प्रयोग में लिया जा रहा था। इसके लिए मकान मालिक को नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी