अमेरिका से लाैटा युवक तो मचा हड़कंप, ईरान व अफगानिस्तान के आठ नागरिकों को किया क्वारंटाइन

शहर में विदेशों और बाहर से आने वाले लोगों की स्वास्थ्य विभाग जांच कर रहा है।

By AbhishekEdited By: Publish:Sun, 29 Mar 2020 02:15 PM (IST) Updated:Sun, 29 Mar 2020 02:15 PM (IST)
अमेरिका से लाैटा युवक तो मचा हड़कंप, ईरान व अफगानिस्तान के आठ नागरिकों को किया क्वारंटाइन
अमेरिका से लाैटा युवक तो मचा हड़कंप, ईरान व अफगानिस्तान के आठ नागरिकों को किया क्वारंटाइन

कानपुर, जेएनएन। कोरोना वायरस को लेकर शहर आैर गांवों में लोग बेहद जागरूक हो गए है। बाहर से आने वालों की सूचना स्वास्थ्य विभाग को देकर जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे ही एक मामला दादानगर में देखने को मिला, यहां अमेरिका से आने वाले युवक को कोरोना संदिग्ध बताने से हड़कंप मच गया। वहीं बीते दिनों अफगानिस्तान, यूके व ईरान से आए आठ लोगों को पुलिस ने क्वारंटाइन किया है।

दादानगर सेवा ग्राम बस्ती में अमेरिका से एक व्यक्ति आया। जिसमें कोरोना जैसे लक्षण दिखाई दे रहे थे। यह देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। भाजपा कार्यकर्ता केके मिश्र ने इस बात की सूचना विधायक सुरेंद्र मैथानी को दी। विधायक ने डीएम व सीएमओ को बताया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम व प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को जांच के लिए भेजा।

पिछले दिनों दुबई से लौटे बाबूपुरवा कॉलोनी निवासी युवक और अफगानिस्तान, यूके व ईरान के आठ नागरिकों को पुलिस ने 14 दिन के लिए क्वारंटाइन कराया है। पिछले दिनों दुबई से एक युवक बाबूपुरवा स्थित अपने घर लौटा था। शुक्रवार को उसके क्वारंटाइन न होने की जानकारी मिली। इसी दौरान आठ विदेशी नागरिकों की भी सूची जारी हुई, जो 15 मार्च के बाद आए थे। शनिवार सुबह ही पुलिस ने उन सभी को ढूंढ़कर स्वास्थ्य टीम को सूचना दी। बाबूपुरवा थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि दुबई से लौटा युवक जाजमऊ में अपने नाना के घर रह रहा है। उसे वहीं क्वारंटाइन कराया गया है। वहीं आठ विदेशी नागरिकों की भी जांच कराकर उन्हें क्वारंटाइन किया गया है। वह सभी टूरिस्ट वीजा पर चमनगंज की मस्जिद में आए थे। वहां से बाबूपुरवा आ गए थे।

chat bot
आपका साथी