यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फेसबुक पर जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाला गिरफ्तार
जागरण संवाददाता कानपुर क्राइम ब्रांच ने शाहजहांपुर के साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है

जागरण संवाददाता, कानपुर : क्राइम ब्रांच ने शाहजहांपुर के साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी आइडी के जरिए महिलाओं और पुरुषों को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करता था। उसके फोन में कई नामों से बनाई फेसबुक और इंस्टाग्राम आइडी, 65 पीड़ितों के अश्लील वीडियो, एक हजार से ज्यादा अश्लील फोटो, 300 महिलाओं से चैटिग, वीडियो काल व फोन काल के भी सुबूत मिले हैं। उन्हें वायरल करने की धमकी देकर आरोपित तीन खातों में रकम जमा कराने संग महिलाओं से शारीरिक संबंध बनाता था। उसको जेल भेजा गया है।
फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद ब्लैकमेल करने की दो माह में करीब 27 शिकायतें पुलिस तक पहुंचीं। कल्याणपुर की महिला ने मुकदमा दर्ज कराकर बताया कि अंकुर ओमर नामक शख्स से फेसबुक पर दोस्ती हुई। उसने अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाए। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर हजारों रुपये हड़प लिए। साइबर सेल ने जब आरोपित के फोन नंबर और फेसबुक अकाउंट के आइपी एड्रेस को ट्रेस किया तो वह शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद निवासी 28 वर्षीय शेखर सुमन उर्फ अंकुर ओमर निकला। वह पूर्व में कल्याणपुर में रहकर नौकरी करता था। शनिवार को क्राइम ब्रांच ने सर्विलांस की मदद से उसे गिरफ्तार किया। अपर पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपित ने नेहा, आयुष, सौम्या त्रिपाठी, अंकुर ओमर, शेखर सुमन, राज सिंह आदि नामों से एक दर्जन आइडी बनाई थीं। करीब पांच हजार से ज्यादा महिलाओं व पुरुषों से दोस्ती की थी। अंकुर नाम से बनी आइडी में मूल फोटो लगाई, बाकी में फर्जी। आरोपित दोस्ती के बाद अंतरंग बातें कर वीडियो काल पर कपड़े उतारने को कहता था और रिकार्ड कर लेता था। जिन पीड़ितों ने अभी रिपोर्ट नहीं लिखाई है, उनकी रिपोर्ट लिखाई जाएगी। आरोपित ने कानपुर नगर के साथ आगरा, बरेली, मुरादाबाद, फर्रुखाबाद, मेरठ, हापुड़, लखनऊ आदि जिलों और बिहार, दिल्ली, मुंबई, उत्तराखंड, पंजाब की भी महिलाओं को जाल में फंसाया था। कुछ को ब्लैकमेल कर ढाई से पांच लाख रुपये तक हड़प चुका है। पुलिस उसके खातों को फ्रीज करा रही है। संस्कृत से स्नातक की पढ़ाई कर चुका शातिर
आरोपित ने बताया कि शाहजहांपुर के संस्कृत महाविद्यालय से संस्कृत में स्नातक किया। उसका सहपाठी सत्यम अवस्थी भी इसी तरह से महिलाओं को फंसा ब्लैकमेल करता है। पुलिस उसकी भी तलाश में जुटी है।