भाजपा के अभियान ने खोल दी प्रशासन की पोल

सरकार और भाजपा संगठन की मंशा के प्रति अधिकारियों की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jun 2018 01:23 AM (IST) Updated:Sun, 24 Jun 2018 11:23 AM (IST)
भाजपा के अभियान ने खोल दी प्रशासन की पोल
भाजपा के अभियान ने खोल दी प्रशासन की पोल

जागरण संवाददाता, कानपुर : सरकार और भाजपा संगठन की मंशा के प्रति अधिकारियों की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। प्रशासन द्वारा किए जा रहे मतदाता सूची संवर्धन के कार्य की पोल भाजपा के अभियान की शुरुआत ने खोल कर रख दी। इस काम में लगाए गए बीएलओ के मोबाइल नंबर ही बड़े पैमाने पर गलत दर्ज हैं तो उनसे कोई संपर्क कैसे करेगा?

लोकसभा चुनाव से पहले सरकार और भाजपा संगठन ने पूरा जोर मतदाता सूची संवर्धन पर लगा रखा है। इसके लिए लगातार पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कमर कसने के लिए कहा जा रहा है। शनिवार को पंडित श्याम प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस से प्रदेश भर में तीन दिवसीय मतदाता सूची संवर्धन अभियान की शुरुआत की गई। शनिवार को कानपुर उत्तर जिला इकाई द्वारा मोतीझील परिसर में मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसके बाद कार्यकर्ता मतदाता सूची संवर्धन के काम में जुटे तो हकीकत से वाकिफ हुए। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह को लिखे पत्र में जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने स्पष्ट लिखा है कि वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा भी मतदाता सूची का काम किया जा रहा है। इस काम में बीएलओ अहम कड़ी हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने अभियान के तहत कुल 100 बीएलओ से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मात्र 18 से ही बात हो सकी। बाकी सभी के मोबाइल नंबर गलत पाए गए। इसका मतलब वास्तव में काम हो ही नहीं रहा है। वहीं, नगर आयुक्त को लिखे पत्र में कहा है कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी के प्रतिमा स्थल पर कुछ समय पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीन पौधे लगाए थे, जो अब गायब हैं। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए उपमुख्यमंत्री को भी प्रतिलिपि भेजी है।

--

यह भी रहे मौजूद

राज्य अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन तनवीर हैदर उस्मानी, डॉ. श्याम बाबू गुप्त, विधायक नीलिमा कटियार, प्रकाश शर्मा, सुरेश अवस्थी, कमलावती सिंह, अभिषेक कुमार, सुनील बजाज, पूनम कपूर, सत्येंद्रनाथ पांडेय आदि।

तो बंद हो जाएंगी क्षेत्रीय दलों की दुकानें : महाना

मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत भाजपा महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र की बैठक शनिवार को रामादेवी स्थित गेस्ट हाउस में हुई। कैबिनेट मंत्री सतीश महाना ने कहा कि 2019 का चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। राष्ट्र के विरोधियों को लग रहा है कि अगर मोदी फिर प्रधानमंत्री बन गए तो क्षेत्रीय दलों की दुकाने बंद हो जाएंगी। कार्यकर्ता अगर ठान लेगा तो कोई शक्ति भाजपा को 2019 में चुनाव जीतने से नहीं रोक सकती। बैठक में सासद देवेंद्र सिंह भोले, एमएलसी अरुण पाठक, जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता, राकेश तिवारी, बीडी राय, रघुराज सरन गुप्ता, रीता शास्त्री, ज्ञानू अवस्थी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी