खाद्य पदार्थों की जांच के लिए बनेगी परगही गांव में लैब

खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए अब हर मंडल मुख्यालय पर एक जांच लैब स्थापित होगी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 08 Nov 2020 05:56 PM (IST) Updated:Sun, 08 Nov 2020 05:56 PM (IST)
खाद्य पदार्थों की जांच के लिए बनेगी परगही गांव में लैब
खाद्य पदार्थों की जांच के लिए बनेगी परगही गांव में लैब

जागरण संवाददाता, कानपुर : खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए अब हर मंडल मुख्यालय पर एक जांच लैब स्थापित होगी। फिलहाल सूबे में छह जगहों पर लैब है। जल्द ही इसकी संख्या बढ़कर 18 हो जाएगी। लैब बन जाने के बाद खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच जल्द होगी और फिर मिलावटखोरों पर कार्रवाई भी आसान हो जाएगी। हालांकि इस लैब में कानपुर के नमूनों की जांच नहीं होगी। यहां दूसरे जिलों के नमूने आएंगे और यहां के नमूने दूसरे मंडल की लैब में ही जाएंगे।

मेरठ, लखनऊ, झांसी समेत छह मंडल मुख्यालयों पर अभी लैब बनी हुई है। हर रोज इन लैब में बड़े पैमाने पर दूध, दही, मिठाई, तेल, मसाला आदि खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे जाते हैं। नमूनों की जांच समय से न हो पाने के कारण ही मिलावटखोर मिलावटी माल बड़ी मात्रा में बेचकर लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर लेते हैं। जब रिपोर्ट आती है तब उन पर कार्रवाई होती है, लेकिन हर मंडल मुख्यालय पर लैब होगी तो नमूनों की जांच जल्दी होगी। रिपोर्ट जल्द आएगी तो मिलावटी माल को सील कराकर नष्ट कराने में आसानी होगी। उसकी बिक्री पर प्रतिबंध भी समय से लगाया जा सकेगा। शासन ने जिलाधिकारी से यहां लैब निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के लिए कहा था अब परगही कछार व बगदौधी कछार गांव की 0.410 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निश्शुल्क दे दी गई है। अब इस प्रोजेक्ट का डीपीआर बनेगा और फिर इसके निर्माण का कार्य शुरू होगा। एडीएम वित्त एवं राजस्व वीरेंद्र पांडेय ने बताया कि भूमि उपलब्ध करा दी है। इस संबंध में शासन को भी अवगत करा दिया है।

chat bot
आपका साथी