स्वतंत्रता संग्राम और रामायण परिपथ से जुड़ेगा बिठूर

कानपुर, जागरण संवाददाता: पर्यटकों को लुभाने के लिए प्रदेश सरकार स्वतंत्रता संग्राम और रामायण परिपथ ब

By Edited By: Publish:Wed, 02 Mar 2016 07:59 PM (IST) Updated:Wed, 02 Mar 2016 07:59 PM (IST)
स्वतंत्रता संग्राम और रामायण परिपथ से जुड़ेगा बिठूर

कानपुर, जागरण संवाददाता: पर्यटकों को लुभाने के लिए प्रदेश सरकार स्वतंत्रता संग्राम और रामायण परिपथ बनाने की तैयारी कर रही है। इस परिपथ में बिठूर भी शामिल होगा। 1857 की स्वतंत्रता संग्राम क्रांति की ज्वाला बिठूर से ही धधकी थी तो बिठूर में ही भगवान श्रीराम के पुत्र लव कुश का जन्म हुआ था। पास के रमेलनगर गांव में ही भगवान श्रीराम के अश्व को लव कुश ने पकड़ लिया था।

सूबे में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन अब तक उनके विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। यही वजह है कि बिठूर को भी पर्यटन के मानचित्र पर वह स्थान नहीं मिल सका जिसका वह वास्तविक हकदार है चूंकि प्रदेश सरकार ने सात नये परिपथ बनाने का फैसला किया है, ऐसे में अब बिठूर का विकास तो होगा ही पर्यटकों को लुभाने के लिए यहां विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बिठूर तक पहले ट्रेनें चलती थीं, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया था अब फिर से अनवरगंज-फर्रुखाबाद रेल ट्रैक से जोड़ने का काम चल रहा है। ऐसे में पर्यटकों का आना जाना अब और आसान हो जाएगा चूंकि बिठूर में परियर पुल बनाने का काम अंतिम दौर में है जब यह पुल बन जाएगा तो फिर बांगरमऊ और उन्नाव की ओर आना जाना आसान होगा। स्वतंत्रता संग्राम परिपथ में बांदा, हमीरपुर, उरई, चित्रकूट, झांसी के साथ उन सभी जिलों को जोड़ा जाना है। बिठूर में ही रानी लक्ष्मीबाई पली और बड़ी हुई। नानाराव पेशवा और तात्याटोपे का गौरवशाली इतिहास भी बिठूर से ही जुड़ा हुआ है। पर्यटन विभाग निजी क्षेत्र के सहयोग से इन स्थलों तक बसों के आने जाने की सुविधा उपलब्ध कराएगा। यही सुविधा भगवान राम की लीला से जुड़े स्थलों तक भी उपलब्ध करायी जाएगी। बिठूर, अयोध्या और चित्रकूट से जुड़ जाएगा। बिठूर में महर्षि वाल्मीकि का आश्रम तो है ही उन्नाव के परियर में भी उनका आश्रम स्थापित है। निजी क्षेत्र की मदद से बिठूर में होटल स्थापित किए जाएंगे। यहां प्रशिक्षित गाइड भी होंगे जो यहां आने जाने वालों को प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराएंग। चूंकि इन स्थलों पर नदियां भी हैं ऐसे में जलक्रीड़ा से जुड़ी सुविधाएं जैसे मोटर बोट, पैडल बोट भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

chat bot
आपका साथी