ताजिया जुलूसों में गूंजीं या हुसैन की सदायें

By Edited By: Publish:Sat, 16 Nov 2013 01:09 AM (IST) Updated:Sat, 16 Nov 2013 01:10 AM (IST)
ताजिया जुलूसों में गूंजीं या हुसैन की सदायें

कन्नौज, जागरण संवाददाता : मुहर्रम की दसवीं तारीख पर शहर से कई स्थानों से ताजिया जुलूस निकाले गए। इस दौरान या हुसैन की सदाओं से शहर गूंज उठा। देर रात सभी ताजिया नम आंखों के साथ कर्बला में दफन कर दिए गए। इसके साथ ही कई स्थानों पर लंगर चला।

शुक्रवार सुबह 11 बजे से शहर के विभिन्न इमाम चौकों से ताजिया निकाले गए। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गो पर ताजियों का जुलूस निकल रहे थे। इसमें शामिल हजारों की भीड़ इस्लामी नारे लगाते हुए चल रही थी। मुहल्ला मीरा टोला में खलीफा असलम मियां, बालापीर में खलीफा सईद व हाजी फिरोज, कागजियाना में शहजाद हुसैन व रायनियों के ताजिए की अकरम लल्ला, वारसी चौराहा पर रफीक नेता व हाजी हसीम वारसी ने अगुवाई की। सरायमीरा से भी ताजिया निकाला गया। ताजिया जुलूस पर कई स्थानों पर लंगर लुटाया गया। बच्चों और बड़ों ने लंगर लूटा। देर रात तक ताजिया जुलूस का सिलसिला चलता रहा। उस दौरान शहर के सभी अखाड़ों के कलाकारों ने करतब भी दिखाए। देर रात नम आंखों के साथ सभी ताजिए कर्बला ले जाए गए और वहां सुपुर्द ए खाक किए गए।

बच्चों ने भी बनाए ताजिए

मुहर्रम के मौके पर बच्चों ने भी खूबसूरत ताजियों का निर्माण किया। इनके निर्माण के दौरान बड़ों ने भी इसकी हौसलाफजाही की। मुहल्ला मीरा टोला में नन्हें-मुन्ने बच्चों ने अपने बचाए हुए पैसों को जमा कर लकड़ी व कागज से ताजिया तैयार कर इमाम चौक पर सजावट की। इसके बाद पूरी रात अन्य जुलूसों के साथ गश्त भी किया। इस मौके पर शैद, साकिब, आशिक, निहाल, सुफियान, दानिश आदि मौजूद रहे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

शुक्रवार को मुहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। क्षेत्राधिकारी सदर करन सिंह की अगुवाई में कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार अवस्थी भारी लाव-लश्कर के साथ जुलूसों के साथ मौजूद रहे। अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य जुलूस के दौरान भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी