झांसी में बेटी का अनोखा प्रण: जब तक पिता के हत्यारे नहीं जाएंगे जेल, रोज कराती रहूंगी मुंडन

पीड़ित युवती मूक-बधिर बच्चों की संस्था चलाती है। उसने न्याय पाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अल्पसंख्यक आयोग को भी प्रार्थना पत्र लिखा है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Mon, 16 Sep 2019 04:19 PM (IST) Updated:Mon, 16 Sep 2019 04:21 PM (IST)
झांसी में बेटी का अनोखा प्रण: जब तक पिता के हत्यारे नहीं जाएंगे जेल, रोज कराती रहूंगी मुंडन
झांसी में बेटी का अनोखा प्रण: जब तक पिता के हत्यारे नहीं जाएंगे जेल, रोज कराती रहूंगी मुंडन

झांसी, जेएनएन। 80 वर्षीय पिता के हत्यारों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने का प्रण लेने वाली सिख युवती के तमाम जतन जब काम न आए तो उसने अनोखा तरीका अपना लिया है। उसने अपने सिर का मुंडन करवा लिया है और उसका प्रण है कि जब तक पिता के हत्यारे उसके पड़ोसी जेल नहीं जाएंगे तब तक वह सिर का रोज मुंडन कराती रहेगी।

इस मामले को अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने गंभीरता से लिया है। लखनऊ से उन्होंने तत्काल झांसी के पुलिस अधीक्षक को 18 सितंबर को विस्तृत रिपोर्ट के साथ तलब किया है। एसपी को 18 सितंबर को विस्तृत रिपोर्ट के साथ आयोग के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। युवती ने खुद अल्पसंख्यक आयोग में फरियाद लगाई थी।

झांसी के सिविल लाइंस के सुंदर विहार कॉलोनी निवासी युवती पुनीत सिंह के पिता जोगिंदर सिंह की हत्या 22 अगस्त को कर दी गई थी। उसके बड़ा प्रयास करने के तीन दिन बाद पुलिस ने 25 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई, इसके बावजूद पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया। युवती ने पड़ोस में रहने वाले वीरेन्द्र कुमार खंडेलवाल व राजीव कुमार खंडेलवाल को नामजद किया है। इसके बावजूद अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पुलिस से जब सहयोग नहीं मिला तो सिख युवती ने बाल मुंडवा दिए। साथ ही यह संकल्प किया है कि जब तक उनके पिता के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक हर दिन वह सिर मुंडवाती रहेंगी। उन्होंने अल्पसंख्यक आयोग को बताया कि उनके पिता के हत्यारे दबंग किस्म के हैं। रोज पुनीत सिंह को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। पीड़ित युवती मूक-बधिर बच्चों की संस्था चलाती है।

उसने न्याय पाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अल्पसंख्यक आयोग को भी प्रार्थना पत्र लिखा है। प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके 80 वर्षीय पिता की हत्या पड़ोस में रहने वाले वीरेंद्र कुमार और राजीव कुमार ने कर दी। इसके बाद शव को घर की छत से नीचे फेंक दिया। पिता की हत्या के पीछे करोड़ों की संपत्ति और जमीन मुख्य कारण है।

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता ने नवाबाद थाने के प्रभारी संजय सिंह पर भी गंभीर आरोप लगाया है। एसएसपी ने बताया कि टीम मामले की तह तक जाकर सच्चाई पता लगा रही है।  

chat bot
आपका साथी