बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

झाँसी : पुलिस लाइन में आयोजित यूपी पुलिस समर कैम्प का उद्घाटन महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा श्रीमती

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jun 2018 01:18 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jun 2018 01:18 AM (IST)
बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर
बच्चों को सिखाए आत्मरक्षा के गुर

झाँसी : पुलिस लाइन में आयोजित यूपी पुलिस समर कैम्प का उद्घाटन महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा श्रीमती निहारिका सिंह पत्नी पुलिस कप्तान विनोद कुमार सिंह ने किया। इसमें विभिन्न स्कूलों के 50 बच्चों ने भाग लिया। इस दौरान उनको आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए।

कैम्प में बच्चों को पुलिसिंग की जानकारी दी गयी, तो थाना नवाबाद में ले जाकर बताया गया कि थाने में किस प्रकार से मु़कदमा दर्ज करने की कार्यवाही पुलिस करती है। इसके साथ ही बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली और कार्यालय के बारे में विस्तार से बताया गया। घटना होने पर यूपी-100 को सूचना देने के तरीके के बताया और महिलाओं से सम्बन्धित अपराध को लेकर विमिन पावर 1090, ट्विटर सेवा आदि के बारे में जानकारी दी गई। आपातकाल में यूपी-100 का कैसे इस्तमाल किया जाए, के बारे में वीडियो क्लिप दिखाकर जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को यातायात के नियम के साथ ही हेल्मिट पहनने, कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने और गाड़ी चलाते समय मोबाइल फोन से बात नहीं करने आदि की शिक्षा दी और सड़क नियम के संकेतकों के बारे में जानकारी दी। बच्चों को शारीरिक व्यायाम भी कराया गया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुलदीप नारायण, सीओ गरौठा अभय नारायण राय, सीओ लाइन ठाकुरदीन पाल, प्रतिसार निरीक्षक बिपिन कुमार पाण्डेय ने महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी। इस मौके पर अनिल कुमार, ट्रैफिक वॉर्डन शिवप्रताप तिवारी के साथ ही प्रगति शर्मा, दीप शिखा शर्मा, मार्शल आर्ट ट्रेनर श्याम झा आदि उपस्थित रहे।

बहुत कुछ सीखने को मिला

0 पीएण्डटी कॉलनि निवासी प्रणय सोनी ने बताया कि पहले तो थाने का नाम सुनकर ही डर लगता था। आज जब थाने में गए, तो अच्छा लगा। यह जानकारी हुई कि पुलिस कैसे काम करती है और किस प्रकार पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

0 सैंयर गेट निवासी नमन कुमार ने बताया कि कैम्प में ट्रैफिक के नियम सीखने को मिले। दुर्घटना होने पर हेल्मिट कितना कारगार सिद्ध होता है, यह जानकारी वीडियो क्लिप के माध्यम से मिली। पुलिस थाने का मालखाना देखा, जिसमें बन्दूक आदि रखे रहते हैं।

0 तनिष्क सब्रवाल ने कहा कि कैम्प में म़जा आ रहा है। थाने में जाने पर चॉकलेट, बिस्कुट मिले और वहाँ पर सन्तरी से लेकर थानाध्यक्ष तक कौन, किस प्रकार से अपने दायित्वों का निर्वाहन करते हैं, इसके बारे में जानकार मिली। यातायात के दौरान बरती जाने वाली सावधानी बतायी, जिनका उपयोग करना हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है।

0 प्रेमगंज निवासी यशस्वी शर्मा ने कहा कि पहली बार थाने में जाने का मौका मिला। पुलिस से डर लगता था, लेकिन आज नहीं लगा। थाने की व्यवस्था को देखा और आपातकाल के दौरान क्या करना चाहिए, इसके बारे में अच्छी जानकारी मिली। विषम परिस्थितियों में यूपी-100 पर सूचना देने की सीख मिली। जो वीडियो क्लिप दिखायी गयी, वो बेहद ही दिलचस्प थी और इससे बहुत कुछ सीखने को मौका मिला। सभी बच्चों ने कैम्प की सराहना की।

हादसा टला, गेण्ट्री पोल गिरा

झाँसी : नगर निगम को प्रचार-प्रसार के ठेके से करोड़ों की कमाई होती है। ठेके के बाद नगर निगम के अधिकारी इस तरफ मुड़कर भी नहीं देखते हैं। इसका ही नतीजा है कि एक कमजोर गेण्ट्री पोल आज सड़क पर गिर पड़ा।

नगर निगम क्षेत्र में होर्डिग्स लगाने का ठेका है। ठेकेदार द्वारा ही शहर में स्ट्रक्चर खड़े करके गेण्ट्री पोल लगाए गए हैं। आज शाम को थोड़ी ते़ज हवा क्या चली, शिवपुरी रोड स्थित पहूज नदी के आगे स्थित बिहारी तिराहा पर लगा लोहे का गेण्ट्री पोल गिर गया। इस मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन लगा रहता है। अच्छा यह हुआ कि कोई भी वाहन सवार इसकी चपेट में नहीं आया। नगर निगम प्रशासन को चाहिए कि वो प्रचार-प्रसार सामग्री के स्ट्रक्चर की जाँच करें और कमजोर होने पर उसको बदलवाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना से बचा जा सके।

chat bot
आपका साथी