तीसरी आंख की जद में होंगे सिटी व जंक्शन

यात्रियों की सुरक्षा पुख्ता बनाने के लिहाज से सिटी व जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर निर्भया फंड से

By JagranEdited By: Publish:Sat, 11 Jan 2020 06:08 PM (IST) Updated:Sat, 11 Jan 2020 06:08 PM (IST)
तीसरी आंख की जद में होंगे सिटी व जंक्शन
तीसरी आंख की जद में होंगे सिटी व जंक्शन

जागरण संवाददाता, जौनपुर: यात्रियों की सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिहाज से सिटी व जौनपुर रेलवे जंक्शन स्टेशन पर निर्भया फंड से 80 सीसीटीवी लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में दोनों स्टेशनों पर 40-40 कैमरों को लगाए जाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इन कैमरों को प्लेटफार्म के अलावा सर्कुलेटिग एरिया में लगाया जाएगा। इनकी मानीटरिग आरपीएफ थाने में बनाए जा रहे कंट्रोल रूम से की जाएगी। साथ ही इन्हें मुख्यालय से भी जोड़ा जाएगा।

कैमरे लगाए जाने की तैयारी काफी समय से की जा रही थी, जिसे अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। यहां दो चरणों में कैमरे लगेंगे। पहले चरण में पांचों प्लेटफार्म के अलावा सर्कुलेटिग एरिया को कवर किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 20 और कैमरे अलग-अलग स्थानों पर लगाए जाएंगे। जंक्शन से रोजाना 25 से 30 ट्रेनों का संचालन होता है, जिनमें कई एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं। यात्रियों से भरे रहने वाले इस स्टेशन पर अभी तक कई शातिर नशीले पाउडर के साथ गिरफ्तार हो चुके हैं। ऐसे में कैमरों की मदद से अपराधियों को पकड़ना भी आसान हो जाएगा। इसी तरह सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में अलग-अलग स्थानों पर 40 कैमरे लगाए जाएंगे। यहां कुल तीन प्लेटफार्म हैं। यहां से श्रमजीवी व महामना एक्सप्रेस जैसी वीआइपी ट्रेनों का संचालन होने की वजह से इसे काफी अहम स्टेशन माना जाता है।

............

बोले अधिकारी

परिसर में चारों तरफ केबल बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसी माह के अंत तक दोनों स्टेशनों को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया जाएगा। यात्री सुरक्षा के लिहाज से यह बेहद जरूरी है।

-शैलेष कुमार, आरपीएफ प्रभारी, जौनपुर जंक्शन।

chat bot
आपका साथी