खुल गया रहमतों का दरवाजा, आ गया माहे रमजान

जागरण संवाददाता, जौनपुर : आज रमजान का पहला दिन है। पूरी अकीदत के साथ लोगों ने सहरी के बाद रोजे रखे ह

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 May 2017 01:01 AM (IST) Updated:Sun, 28 May 2017 01:01 AM (IST)
खुल गया रहमतों का दरवाजा, आ गया माहे रमजान
खुल गया रहमतों का दरवाजा, आ गया माहे रमजान

जागरण संवाददाता, जौनपुर : आज रमजान का पहला दिन है। पूरी अकीदत के साथ लोगों ने सहरी के बाद रोजे रखे हैं। पूर्व संध्या पर शनिवार को लोगों ने सहरी और इफ्तार के लिए खरीदारी की। मस्जिद और इबादतगाहों को साफ-सुथरा किया गया। लाउडस्पीकर से लेकर कूलर, पंखे तक दुरुस्त किए गए। जिले भर की मस्जिदों में तरावीह की नमाज पढ़ी गई। एक दिन पहले तापमान की गिरावट भी लोगों के लिए राहत का पैगाम लेकर आया।

इस्लाम में रमजान का महीना बहुत ही बरकतों वाला माना गया है। इसी माह में कुरान फलक से उतारी गई थी। मान्यता है कि एक माह तक शैतान को बांध दिया जाता है। इबादत का भी सिलसिला बढ़ जाता है। इसके शुरू होते ही मस्जिदों में विशेष नमाज तरावीह का आयोजन किया गया। किसी मस्जिद में कुरान का एक पारा तो किसी में 3 और 5 पारे तक की तरावीह पढ़ाई गई। लाल मस्जिद, शेर मस्जिद, चहारसू मस्जिद, अटाला मस्जिद, बड़ी मस्जिद, हनफिया व हुसैनिया मदरसों में भी मुकम्मल इंतजाम किया गया है।

सहरी के लिए जहां एक ओर सेवइयां, ब्रेड, दूध और मेवे खरीदे गए वहीं दूसरी ओर इफ्तार के लिए खजूर, चिप्स, पापड़ का इंतजाम करते लोग देखे गए। चहारसू, कोतवाली चौराहा, नवाब यूसुफ रोड, सब्जी मंडी, अटाला के पास दुकानें सजी हुई थीं। तहसीलों में भी रमजान की तैयारी पूर्व संध्या पर पूरे जोशो खरोश से देखी गई। मछलीशहर कस्बे में लोग सहरी और इफ्तार के लिए खरीददारी करने उमड़ पड़े। यही हाल शाहगंज का भी रहा, यहां कई दुकानों पर मुस्लिम महिला और पुरुषों का जमावड़ा देखा गया। मड़ियाहूं, केराकत व बदलापुर में भी बाजार गुलजार रहे।

chat bot
आपका साथी