रात में17 तो दिन में पारा 35 डिग्री

By Edited By: Publish:Fri, 22 Mar 2013 06:55 PM (IST) Updated:Fri, 22 Mar 2013 06:57 PM (IST)
रात में17 तो दिन में पारा 35 डिग्री

जौनपुर: करीब हफ्ते भर के भीतर मौसम में भारी परिवर्तन हुआ है। शुक्रवार को दिन में 35 तो रात में 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास पारा रिकार्ड किया गया है। तेज धूप के चलते आम जन-जीवन के अलावा खेती-किसानी भी जबरदस्त प्रभावित हुई है। विशेषज्ञों ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

सप्ताह भर पहले तक स्थिति कमोबेश सामान्य थी। इसके बाद जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं मौसम के तेवर भी तल्ख होते जा रहे हैं। रात में ठंड तो दिन गर्मी पड़ रही है। धूप इतनी तेज कि लोग घरों से भी निकलने में परहेज कर रहे हैं। दोपहर में तो सड़क पर चलने वाले ज्यादातर लोगों के सिर पर तौलिया देखी जा रही है। परीक्षार्थियों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। छात्र-छात्राएं गमछा, दुपट्टा आदि से धूप का सामना कर रही है।

मौसम की बेरुखी का खेती पर ज्यादा असर पड़ रहा है। गेहूं की हरी फसलें भी सूख जा रही है। शाहपुर के किसान रामचंद्र तिवारी ने कहा कि दो दिन के भीतर गेंहू के सभी पौधे पीले हो गए। समझ में नहीं आ रहा है कि क्या उपाय किया जाए। गोहदा के चंद्रिका यादव ने कहा सब्जियों की फसल भी चौपट हो रही है। विभाग को ऐसी स्थिति से निबटने के लिए किसानों का सहयोग करना चाहिए।

करें गेंहू की सिंचाई

कृषि उपनिदेशक एसएन दुबे ने कहा कि तेज धूप के चलते गेंहू की फसल सूखना स्वाभाविक है। जरूरी है कि किसान सूर्यास्त के बाद फसल की हल्की सिंचाई करें। पानी देने से पौधों पर खास प्रभाव नहीं पड़ेगा।

पर्यावरण असंतुलन से दिक्कत

मौसम विज्ञानी डा.डीपी उपाध्याय के मुताबिक दिन में 35 तो रात में तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसा पर्यावरण असंतुलित होने के चलते हो रहा है। अभी स्थिति और खराब होगी। बादल भी छाएंगे और आंधी भी आ सकती है। ऐसी स्थित से स्थाई तौर पर निबटने के लिए पर्यावरण को संतुलित करने के क्षेत्र में काम करना होगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी