एक वर्ष में भी ठीक न हो पाया हैंडपंप

संवाद सहयोगी जालौन नगर की लौहपीटा बस्ती में लगा सरकारी हैंडपंप लगभग एक वर्ष से खराब पड़

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Mar 2019 06:44 PM (IST) Updated:Sun, 24 Mar 2019 06:44 PM (IST)
एक वर्ष में भी ठीक न हो पाया हैंडपंप
एक वर्ष में भी ठीक न हो पाया हैंडपंप

संवाद सहयोगी, जालौन : नगर की लौहपीटा बस्ती में लगा सरकारी हैंडपंप लगभग एक वर्ष से खराब पड़ा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अभी तक सुनवाई नहीं हुई है। जिसके चलते लौहपीटा समुदाय के लोगों में रोष है। इस समुदाय के लोगों ने जिलाधिकारी से उनकी बस्ती में लगे हैंडपंप को दुरुस्त कराए जाने की मांग की है।

मोहल्ला बैठगंज में लौहपीटा समुदाय के लोगों की बस्ती है। जिनके पास मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है। इन लोगों के लिए पालिका द्वारा लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हैंडपंप लगवाया गया था। देखरेख के अभाव में हैंडपंप लगने के कुछ दिन बाद ही खराब हो गया। जिससे इस समुदाय के लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। इस समुदाय के राजू लौहपीटा, सूरज, अंगूरी देवी, बब्ली, पप्पू, बजरंग ने बताया कि जब हैंडपंप लगा था, तब उन्हें खुशी हुई थी कि अब उन्हें अपने मोहल्ले में ही पानी की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी लेकिन उनकी यह खुशी कुछ ही दिनों में काफूर हो गई। इसके बाद उन्होंने कई बार हैंडपंप को दुरुस्त कराए जाने की अधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन उनकी एक नहीं सुनी गई। पिछले लगभग एक वर्ष से वह पेयजल के लिए भटकने को मजबूर हैं। सर्दियों का मौसम तो उन्होंने जैसे-तैसे करके निकाल लिया है। अब गर्मी का मौसम शुरू होने वाला है। ऐसे में पेयजल की किल्लत और भी बढ़ जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर से गुहार लगाई है कि जनहित में उनके मोहल्ले में स्थित हैंडपंप को ठीक कराया जाए ताकि उनके समुदाय के लोगों को गर्मी के मौसम में पेयजल के लिए किल्लत का सामना न करना पड़े।

chat bot
आपका साथी