छात्राओं ने बढ़ाया कॉलेज का मान, मिले पुरस्कार

राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में शामिल होंगी आरसी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राएं मेरठ के सनातन धर्म स्कूल में 17 से 20 दिसंबर तक होगी प्रतियोगिता

By JagranEdited By: Publish:Tue, 10 Dec 2019 01:02 AM (IST) Updated:Tue, 10 Dec 2019 01:02 AM (IST)
छात्राओं ने बढ़ाया कॉलेज  का मान, मिले पुरस्कार
छात्राओं ने बढ़ाया कॉलेज का मान, मिले पुरस्कार

संवाद सहयोगी, हाथरस : 47वीं जवाहरलाल नेहरू बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन अलीगढ़ के रतन प्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज में हुई थी, जिसमें शहर के रामचंद्र अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। विद्यालय की चार छात्राओं व एक शिक्षक का चयन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए हुआ है। विद्यालय की नौ छात्राओं का चयन एकांकी नाटक की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।

अलीगढ़ के रतन प्रेम डीएवी बालिका इंटर कॉलेज में मंडलीय बाल विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी 28 से 30 नवंबर तक हुई थी। प्रतियोगिता में जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाली रामचंद्र कन्या इंटर कॉलेज की आठ बालिकाओं ने प्रतिभाग किया था। विद्यालय के शिक्षक मनोज यादव ने भी अपना प्रोजक्ट पेश किया था। विद्यालय की चार बालिकाओं मीनू कुमारी, भारती कुमारी, भूमि कुमारी और कीर्ति वर्मा का मॉडल प्रदर्शनी में सराहा गया। चारों बालिकाओं के मॉडल का चयन राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए हुआ है। साथ ही शिक्षक के प्रोजेक्ट का चयन भी राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए हुआ है। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी 17 से 20 दिसंबर तक राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान के द्वारा सनातन धर्म इंटर कॉलेज मेरठ में आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल की ओर से इस वर्ष मंडलीय एकांकी नाटक प्रतियोगिता 29 नवंबर को धनीपुर ब्लॉक के सभागार में आयोजित की गई थी। एकांकी नाटक में रामचंद्र कन्या इंटर कॉलेज की नौ छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने जाएंगी। 16 से 18 दिसंबर तक लखनऊ में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी। सोमवार को विद्यालय की प्रधानाचार्या रेखा सिंह ने छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

chat bot
आपका साथी