शीतगृह संचालक से मारपीट कर लूटपाट

मुरसान के गांव कोटा में तीन बाइक सवार छह लोगों ने दिया घटना को अंजाम बेखौफ लुटेरे -शीतगृह संचालक के सिर में गहरी चोट गंभीर हालत में आगरा में भर्ती घटना के बाद पुलिस ने नाकाबंदी भी की मगर लुटेरों का सुराग नहीं मिला

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Sep 2019 12:32 AM (IST) Updated:Mon, 30 Sep 2019 12:32 AM (IST)
शीतगृह संचालक से मारपीट कर लूटपाट
शीतगृह संचालक से मारपीट कर लूटपाट

जागरण संवाददाता, हाथरस : मुरसान के गांव कोटा में शनिवार देर रात तीन बाइक सवार बदमाशों ने शीतगृह संचालक से लूटपाट की। बदमाशों से हुई हाथापाई में उनके सिर में गंभीर चोट आई। बदमाश सोने की चेन व 30 हजार रुपये लूटकर ले गए। घायल संचालक का उपचार आगरा के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।

मुरसान के गांव सरकोरिया निवासी अजित सिंह पुत्र सौदान सिंह का कोटा में पटा चौराहा रोड पर दाऊजी कोल्ड स्टोरेज है। शनिवार रात लगभग 10 बजे वे शीतगृह से काम खत्म कर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से गांव के लिए निकले। शीतगृह से थोड़ा आगे आते ही मोड़ पर खड़े दो युवकों ने उन्हें हाथ दिया। गांव के युवक समझकर अजित ने बाइक रोक ली। इतने में पीछे से दो बाइक और आईं। एक ने आगे लगा ली तथा दूसरे ने बाइक पीछे खड़ी कर ली। कुह छह बदमाशों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। अजित ने विरोध किया, लेकिन वे छह लोगों के आगे असहाय नजर आए। ज्यादा हाथ-पैर मारने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से उनके सिर पर प्रहार करना शुरू कर दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश उनके गले से सोने की चेन व जेब से लगभग 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। रुपये शीतगृह से संबंधित थे। अजित ने जैसे-तैसे मोबाइल से घर पर खबर दी। उनके भाई अशोक कुमार व अन्य लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां भाजपा नेता डा. अविन शर्मा के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें आगरा ले गए। इधर, घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लूट की सूचना पर इलाके की नाकाबंदी कराई गई, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। अजित के भाई अशोक ने मुरसान कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

chat bot
आपका साथी