हाथरस वासियों को दीपावली गिफ्ट है तालाब ओवरब्रिज : मौर्य
शहर में अलीगढ़-आगरा रोड पर तालाब ओवरब्रिज का विधिवत लोकार्पण रविवार को किया गया।
जासं, हाथरस : शहर में अलीगढ़-आगरा रोड पर तालाब ओवरब्रिज का विधिवत लोकार्पण रविवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कर दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हाथरस में जाम की समस्या बहुत थी। यहां भाजपा सांसद और विधायकों ने तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज बनाने की मांग की थी। ये पुल हाथरस वासियों को दीपावली का भाजपा सरकार की ओर से बड़ा गिफ्ट है।
डिप्टी सीएम मौर्य रविवार की दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर हाथरस पहुंचे। पूजा-अर्चना के बीच मंत्रोच्चारण में शामिल होने के बाद उन्होंने ओवरब्रिज का फीता काट कर लोकार्पण किया। पुल को फूलों, गुब्बारों से सजाया गया था। इसके बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि हाथरस में जाम की गंभीर समस्या थी सो लंबे समय से यहां सांसद राजवीर सिंह दिलेर, विधायक हरीशंकर माहौर और नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा समेत अन्य जनप्रतिनिधि तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज की मांग कर रहे थे। सरकार ने मांग को मानते हुए तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज बनवाकर आज जनता को समर्पित कर दिया है। हाथरस की जनता को ये दीपावली का गिफ्ट है। इस दौरान पार्टी के सांसद, दोनों विधायक व नगर पालिका अध्यक्ष के अलावा डीएम रमेश रंजन और एसपी विनीत जायसवाल समेत अन्य अफसर मौजूद रहे। इस दौरान मीडिया के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि आने वाले 2022 के उत्तर प्रदेश चुनावों में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और कमल के फूल के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।
आकर्षक है पुल की आर्क डिजाइन: रेलवे लाइन के ऊपर लोहे के पुल को बनारस की तर्ज पर आर्क शेप बनाया गया है। रेलिग पर लगी रंगबिरंगी लाइटें जलने के बाद सिल्वर पेंट के इस पुल की सुंदरता को और निखारेंगी। पुल की लंबाई 700 मीटर है। इसके दोनों ओर गोल रंग की आकर्षक लाइट लगाई गई हैं, जोकि पुल की सुंदरता को चार चांद लगाएंगी। पुल के दोनों ओर दीवारों पर आकर्षक पेंटिग की गई है।