25 स्वास्थ्य केंद्रों पर 566 लोगों को कोविड टीका
-पिछले चार दिन से सुस्त गति से चल रहा टीकाकरण का कार्य -कोरोना कर्फ्यू की वजह से घरों से नहीं निकल रहे टीका लगवाने लोग।
संस, हाथरस : कोरोना कर्फ्यू की वजह से टीकाकरण की स्थिति कुछ धीमी हो गई है। लोग भय के कारण घरों से बाहर नहीं निकल रहे। गुरुवार को 25 केंद्रों पर 566 लोगों को ही कोविड का टीका लगाया गया।
संक्रमण से बचने के लिए टीकाकरण का लाभ 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को दिया जा रहा है। कई दिन से कोरोना कर्फ्यू के बीच भय के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे। गुरुवार को जिले के 25 स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य कराया गया मगर 566 लोग ही टीका लगवाने पहुंचे। इनमें 227 लोगों को प्रथम व 339 लोगों को द्वितीय डोज लगाया गया। 1,17,047 का हुआ टीकाकरण
जिले में अब तक 1,17,047 लोगों का कोविड टीकाकरण हो चुका है। इसमें 96,216 लोगों को प्रथम व 20,831 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। जिले में फिलहाल 1100 डोज अवशेष हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने वैक्सीन के लिए डिमांड शासन को भेज दी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. विजेंद्र सिंह ने बताया कि 18 साल से ऊपर वालों के लिए शासन से ही टीकाकरण का लक्ष्य तय होकर आना है। करीब दस स्थानों पर 18 साल से ऊपर के लोगों का टीकाकरण कराया जाएगा। जैसे ही निर्देश प्राप्त हो जाएंगे, टीकाकरण का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। सरकारी दफ्तरों में खुलेंगी
कोविड हेल्प डेस्क
जासं, हाथरस : मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कोविड- 19 पर नियंत्रण एवं बचाव के लिए कार्यालयों में कोविड हेल्प डेस्क स्थापित करना सुनिश्चित करें।
सरकारी दफ्तरों में तमाम लोग अपने काम के लिए आते हैं। हालांकि संक्रमण बढ़ने के बाद फरियादियों की संख्या नगण्य हो गई है, फिर सतर्कता जरूरी है। विकास भवन में भी कोविड डेस्क बना ली गई है। बाकी दफ्तरों में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में सभी उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को भी पत्र लिखा गया है।