मंत्री की मेहनत बेकार गई, गंदगी के आगोश में गरीबों की कालोनी

नीरज सौंखिया, हाथरस : योग दिवस पर बुधवार को भ्रमण के लिए कांशीराम टाउनशिप में पहुंचे जिले के प

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jun 2017 12:38 AM (IST) Updated:Fri, 23 Jun 2017 12:38 AM (IST)
मंत्री की मेहनत बेकार गई, गंदगी  के आगोश में गरीबों की कालोनी
मंत्री की मेहनत बेकार गई, गंदगी के आगोश में गरीबों की कालोनी

नीरज सौंखिया, हाथरस :

योग दिवस पर बुधवार को भ्रमण के लिए कांशीराम टाउनशिप में पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी जब वहां भीषण गंदगी देखी तो अचंभित हुए और खुद फावड़ा लेकर सफाई करने के लिए गंदगी में कूद पड़े। फिर तो साथ चल रहे जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी झाड़ू-पंजे संभाल लिए। सबने मिलकर करीब एक घंटे तक टाउनशिप में सफाई की। इसके अगले ही दिन गुरुवार को दैनिक जागरण की टीम टाउनशिप में सफाई का जायजा लेने पहुंची तो गंदगी यथावत नजर आई। जिन नालियों से कीचड़ निकाली गई थी, वह फिर से नालियों में पहुंच गई। कूड़ा जहां छोड़ा गया था वहीं पड़ा था। लोगों ने बताया कि आज कोई अधिकारी तो दूर, सफाई कर्मचारी तक नहीं आया। दैनिक जागरण टीम के टाउनशिप में होने की जानकारी मिलने पर दोपहर में पालिका स्टाफ वहां पहुंच गया और सफाई शुरू कराई।

जिले के प्रभारी मंत्री उपेंद्र तिवारी बुधवार को योग दिवस समारोह में भाग लेने आए थे। डीआरबी इंटर कालेज मैदान में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्होंने अचानक कांशीराम टाउनशिप के भ्रमण का निर्णय लिया। उनके साथ भाजपा के सांसद, विधायक व पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक अमला भी टाउनशिप पहुंचा। वहां गंदगी का नजारा देख मंत्री का माथा ठनका। वे गाड़ी से उतरे और फावड़ा आदि मंगाकर खुद ही सफाई करने में जुट गए। यह देख जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता व डीएम के अलावा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी सफाई करने लगे। यहां के लोगों को लगा कि अब दिन सुधर जाएंगे। बेहतर सफाई होगी और नालियों का पानी सड़कों पर नहीं बहेगा। सभी ने मिलकर करीब एक घंटा मशक्कत की। इसके बाद सब लौट गए। दैनिक जागरण ने दूसरे दिन टाउनशिप पहुंचकर सफाई व्यवस्था की पड़ताल की तो गंदगी यथावत मिली। नालियों से जो सिल्ट निकाली गई थी उसे भी उठाया नहीं गया था, सो वह फिर से नालियों में ही जा रही थी। कूड़ा भी जहां छोड़ा गया था, वहीं पड़ा था।

जैसे ही कैमरे की फ्लैश चमकी तो घरों से लोग बाहर निकल आए। आक्रोश जताते हुए कहने लगे कि अभियान फोटो ¨खचवाने के लिए चलाया गया था। घरों के आगे कूड़े के ढेर लगा दिए गए हैं। अधिकारी तो दूर, आज यहां कोई सफाई कर्मचारी भी नहीं आया। ऐसे में सड़ांध भरा माहौल बना हुआ है। दैनिक जागरण टीम के टाउनशिप में होने की जानकारी पालिका प्रशासन को मिली तो पालिका का सफाई स्टाफ दोपहर में दो बजे टाउनशिप पहुंच गया। सेनेटरी इंस्पेक्टरों ने सफाई कर्मचारियों को लगाते हुए नालियों की सफाई कराई। लोडर के जरिए कूड़ा भी उठवाया गया।

कालोनीवासियों को बोल

यह कालोनी गरीब लोगों की है। यहां पर सफाई की ओर शुरू से ही ध्यान नहीं दिया गया। सिर्फ फोटो ¨खचवाने के लिए ही नेता और अधिकारी आते हैं, फिर कोई मुड़कर नहीं देखता।

-कपिल सेनी

कल तो यहां नेता, अफसर सब सफाई करने में लगे थे, मगर आज कोई झांकने नहीं आया। जिस स्थान पर कल कूड़ा छोड़ा गया था, वहीं पड़ा हुआ है। पालिका प्रशासन यहां ध्यान ही नहीं दे रहा।

- मोहन

लग यही रहा है कि सफाई के नाम पर बुधवार को नेताओं व अधिकारियों ने तमाशा किया था। आज अधिकारियों की बात छोड़ो दोपहर तक सफाई कर्मचारी तक नहीं आया है। नेताओं व अधिकारियों की मंशा इसी से जाहिर हो रही है।

-गीता

नालियां चोक हैं, बरसात आने वाली है। यहां जल निकासी के कोई प्रबंध नहीं हैं। सीवर लाइन भी चोक पड़ी है। इसको खुलवाने तक के कोई प्रबंध पालिका ने नहीं किए हैं। घरों के आगे ही गंदगी रहती है।

-ऊषा

सिस्टम की सुनो

कांसीराम टाउनशिप का पालिका के पास नक्शा ही नहीं है, जिससे पता लगे कि सीवर लाइन कहां बिछी है। इस कालोनी से न तो पालिका में कोई टैक्स आता है और न ही शासन से कोई अनुदान मिलता है। इसके बावजूद यहां की सफाई के लिए आठ कर्मचारी लगा रखे हैं। लाइट की बेहतर व्यवस्था है। संविदा सफाई कर्मचारियों का टेंडर होते ही यहां कर्मचारियों की संख्या और बढ़ा दी जाएगी। मुझ पर जो लोग आरोप लगा रहे हैं, पहले वे अपने गिरेबान में झांक कर देख लें। वे पालिका के कामों के टेंडर लेने व जमीन आवंटित कराने के लिए कितना ही दबाव बना लें, मेरे रहते उनके यह अरमान कभी पूरी नहीं होंगे। मैं किसी भी दबाव में कोई गलत काम नहीं करूंगी।

-डॉली माहौर, पालिकाध्यक्ष।

कांशीराम कालोनी पालिका के अधीन है। यहां पर बेहतर सफाई के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। सेनेटरी इंस्पेक्टरों के निर्देशन में कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई जा रही है। बरसात से पूर्व ही नाले व नालियों को साफ कर दिया जाएगा। जिससे किसी प्रकार की दिक्कत यहां के वांशिदों को नहीं होगी।

- लल्लनराम यादव, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद।

chat bot
आपका साथी