आइये.. बैठिए, टहलिए और करिए योग

जागरण संवाददाता, हाथरस : शहरवासियों को पालिका प्रशासन पार्क की सौगात देने जा रहा है। पार्क का नाम झल

By Edited By: Publish:Sun, 23 Oct 2016 01:00 AM (IST) Updated:Sun, 23 Oct 2016 01:00 AM (IST)
आइये.. बैठिए, टहलिए और करिए योग

जागरण संवाददाता, हाथरस : शहरवासियों को पालिका प्रशासन पार्क की सौगात देने जा रहा है। पार्क का नाम झलकारीबाई पार्क होगा। पार्क में बैठने, टहलने और योग करने की व्यवस्था होगी। फव्वारा के साथ फुलवारी भी लोगों को आकर्षित करेगी। रात में पार्क रोशनी से जगमगाएगा। काम अंतिम दौर में है। पार्क पर अब तक 50 लाख रुपये से ज्यादा खर्च हो चुका है। जल्द ही शहरवासियों को समर्पित कर दिया जाएगा।

रोता रहा शहर

भले ही हाथरस 19 साल पहले जिला बन चुका हो। मगर, जनसुविधाओं का अभाव है। बाग, पार्क भी नदारद हैं। कभी यहां के बेनीराम बाग व जमुना बाग की ख्याति थी। बेनीराम बाग के आधे हिस्से में आबादी बस गई और जमुना बाग का तो अस्तित्व ही समाप्त हो गया। नाम के लिए अलीगढ़ रोड पर गांधी पार्क, मथुरा रोड पर अंबेडकर पार्क, आगरा रोड पर शहीद भगत ¨सह पार्क भी हैं। मगर, यहां सिर्फ मूर्तिभर के लिए जगह है। लोगों के उठने-बैठने या टहलने लायक जगह ही नहीं।

मिली प्रेरणा

करीब एक वर्ष पहले शासन के दूत प्रमुख सचिव डॉ. प्रभात कुमार यहां आए थे। उन्होंने शहर का हाल देखा और पालिका का निरीक्षण किया। हालात देखकर वह हतप्रभ गए। पालिका परिसर काफी बड़ा था। मगर, वह दुर्दशा का शिकार था। उसके ज्यादातर हिस्से का इस्तेमाल गैराज के रूप में हो रहा था। वाहन मिस्त्री का भी डेरा था। प्रमुख सचिव ने इस दौरान पालिका परिसर की जगह का सुंदरीकरण कर यहां शहरवासियों के लिए पार्क बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद पार्क का प्रस्ताव पालिका बोर्ड में रखा गया। बोर्ड ने इसे स्वीकृत करते हुए 29.53 लाख रुपये भी स्वीकृत कर दिए और काम शुरू करा दिया गया।

पूर्णता की ओर

पार्क का काम अब पूर्णता की ओर है। लाल पत्थर से निर्मित इस पार्क में विशाल फव्वारा लगाया गया है। बैठने के लिए भी पत्थर की आकर्षक बेंच बनवाई गई हैं। रात में रोशनी के लिए भी जो लैंप बनाई गई हैं वह भी पत्थर की हैं। पानी आदि की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है। पार्क बच्चों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बने इसके लिए झूले लगवाए जा रहे हैं। बंदरों आदि की रोकथाम के लिए चहुंओर कटीले तार लगाए जा रहे हैं। पार्क के दो द्वार स्टील के बनवाए गए हैं।

बागवानी पर जोर

पालिका का प्रशासन का जोर पार्क में बेहतर बागवानी पर भी है। किस तरह के फूल लगाए जाएं जो लोगों को अपनी ओर खींचे। इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। माली की तैनाती की गई है।

इनका कहना है

एक खूबसूरत पार्क की शहर में बेहद आवश्यकता थी। पार्क में झलकारीबाई की मूर्ति भी लगेगी। इसके लिए शासन स्तर से स्वीकृति ली जा रही है। डीएम से रिपोर्ट मांगी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही इसकी मंजूरी मिल जाएगी और इसका लोकार्पण करा दिया जाएगा।

-डॉली माहौर, पालिकाध्यक्ष।

chat bot
आपका साथी