सिकन्दराराऊ को किसकी नजर लगी

By Edited By: Publish:Sat, 02 Aug 2014 12:44 AM (IST) Updated:Sat, 02 Aug 2014 12:44 AM (IST)
सिकन्दराराऊ को  किसकी नजर लगी

जागरण संवाददाता, हाथरस : सिकन्दराराऊ को न जाने किसकी नजर लग गई है। छोटी से छोटी बात पर मामला बढ़ जाता है। गैंगरेप के बाद हुए विवाद का मामला शांत हुआ ही था कि शाही मस्जिद में बखेड़ा हो गया। पहले विवाद रहा मुतवल्ली को लेकर। बाद में भड़काऊ बयान तक पहुंच गया। ऐसे में प्रशासन में एक बार फिर अफरा-तफरी मच गई। जिला मुख्यालय से भी अधिकारियों को दौड़ना पड़ा। शांति में पलीता लगाने वाले कौन हैं। इस पर प्रशासन को ध्यान देना होगा।

सिकन्दराराऊ में दो माह से माहौल गरम रहा है। विवाद बेशक छोटे हों लेकिन तूल इतना दे दिया जाता है कि प्रशासन भी परेशान हो उठता है। लोगों में भी दहशत रहती है। पहले सिकन्दराराऊ में फेसबुक कांड ने बखे़ड़ा खड़ा किया। यह विवाद शांत हुआ तो फिर पंत चौराहा पर ढकेलों को लेकर दो समुदायों में विवाद हो गया। प्रशासन ने यहां व्यवस्था संभाली तो फिर गैंगरेप कर विवाहिता को जिंदा जला दिया गया। यह मामला इतना तूल पकड़ा कि कई वाहनों को फूंक दिया गया। पथराव-फायरिंग की घटनाएं हुईं। पुलिस ने भी लोगों को घरों से खींच-खींचकर पीटा। इसकी दहशत आज भी लोगों के दिलों में है। कई मोहल्लों से लोग पलायन कर गए थे, क्योंकि पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। कई लोग तो अभी भी दुकानों को नहीं खोल रहे हैं क्योंकि उन्हें खुद की गिरफ्तारी का भय है। यह चिंगारी की आग पूरी तरह से शांत नहीं हुई कि शुक्रवार को शाही मस्जिद में बखेड़ा हो गया। अधिकारियों को सूचना मिली तो जिला मुख्यालय से एडीएम उदयीराम, एएसपी श्रीकृष्ण भी दल बल सहित पहुंचे। उन्होंने स्थित को संभाला। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इस मामले को बेशक निपटा दिया है लेकिन अभी भी नजर उस ओर ही टिकी हुई है। ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन को फिजा बिगाड़ने वालों की ओर भी पैनी निगाह करनी होगी ताकि कस्बे में अमन-ओ-चैन बना रहे और लोग आराम से काम कर सके।

chat bot
आपका साथी