गोद में खिलाया, दुनिया देख रही बेटे की उड़ान

हरदोई शाबास अभिषेक। मेरे लाल ने कमाल कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Jul 2020 11:31 PM (IST) Updated:Thu, 30 Jul 2020 06:02 AM (IST)
गोद में खिलाया, दुनिया देख रही बेटे की उड़ान
गोद में खिलाया, दुनिया देख रही बेटे की उड़ान

हरदोई: शाबास अभिषेक। मेरे लाल ने कमाल कर दिया। बचपन में जिसे गोद में खिलाया, आज दुनिया उसकी आसमान में उड़ान देख रही है। संडीला कस्बे के मुहल्ला बरौनी निवासी सरोज त्रिपाठी यही कहते हुए खुशी मना रहे हैं। बुधवार सुबह से ही टीवी पर उनकी निगाहें गड़ी रहीं। भतीजा विग कमांडर अभिषेक त्रिपाठी राफेल लेकर अंबाला एयरबेस पर उतरा तो झूम उठे। बोले, मेरे बेटे ने नाम रोशन कर दिया। उनका पूरा परिवार जश्न मना रहा है। संडीला ही नहीं हरदोई वासी खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

संस्कृत के महान विद्वान रहे शिवगोविद त्रिपाठी के सात पुत्रों में अनिल त्रिपाठी सबसे छोटे हैं। वह परिवार समेत जयपुर में रहते हैं। अनिल त्रिपाठी के बड़े भाई सरोज त्रिपाठी संडीला में रहते हैं। वह बताते हैं कि हर साल जयपुर जाते हैं। अभिषेक उनकी गोद में खूब खेला। बचपन से ही वह मेधावी था, जब वह जयपुर जाते तो उन्हें खुद घुमाने ले जाता। क्रिकेट खूब खेलता, पतंगबाजी का शौकीन था और बचपन से ही कहता कि वह ऐसे ही हवाई जहाज उड़ाएगा। अभिषेक ने एयरफोर्स में भर्ती होकर अपना सपना पूरा कर लिया, लेकिन आज उसने न केवल अपना बल्कि पूरे देश में जिले का नाम रोशन किया है। सोमवार को जब उसने राफेल के साथ फ्रांस से उड़ान भरी तो वह फूले नहीं समाए। उन्हें तो पता था कि उनका लाल राफेल लेकर भारत आ रहा है, लेकिन अब पूरा देश खुशियां मना रहा है।

बुधवार सुबह उन्हें उस पल का इंतजार था जब अभिषेक रफाल लेकर अंबाला एयरबेस पर उतरे। जिसके लिए वह लगातार टीवी पर समाचार देखते रहे और जैसे ही वह उतरा तो घर ही नहीं उनके सभी जानने वाले खुशी से झूम उठे। बताते हैं कि वह तुरंत ही अभिषेक को आशीर्वाद देना चाहते थे, लेकिन उससे तो बात नहीं हो सकी। भाई से जरूर खुशी साझा की। हरदोई जिला वासियों का भी गर्व से सिर ऊंचा हो गया।

chat bot
आपका साथी