लोकपाल ने दिए आदेश, ठीक होंगे किसानों के विद्युत बिल

जागरण संवाददाता हापुड़ विद्युत लोकपाल के आदेश के बाद अब जिले के आठ किसानों के नलकूप

By JagranEdited By: Publish:Fri, 09 Oct 2020 08:29 PM (IST) Updated:Sat, 10 Oct 2020 05:05 AM (IST)
लोकपाल ने दिए आदेश, ठीक होंगे किसानों के विद्युत बिल
लोकपाल ने दिए आदेश, ठीक होंगे किसानों के विद्युत बिल

जागरण संवाददाता, हापुड़ :

विद्युत लोकपाल के आदेश के बाद अब जिले के आठ किसानों के नलकूप बिल ठीक होंगे। इसको लेकर ऊर्जा निगम के अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं। जबकि, जिले के करीब 15 हजार किसान नलकूप बिलों में हुए घोटाले से पीड़ित हैं, जिन पर लाखों रुपये का बकाया आज भी दर्शाया जा रहा है।

करीब डेढ़ दशक पहले ऊर्जा निगम में नलकूप बिलों में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ था। इस घोटाले के कारण जिले के करीब 15 हजार किसान प्रभावित हुए थे। इसको लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन भी हुआ और मामले की जांच कई बार हुई। जिलाधिकारी अदिति सिंह के हस्तक्षेप के बाद अब मामले की जांच चल रही है, लेकिन किसानों का शोषण जारी है, क्योंकि उनके बिलों में अभी भी लाखों रुपये का बकाया दर्शाया जा रहा है, जिसके विरोध में कई किसान न्यायालय और उपभोक्ता व्यथा निवारण फोरम गए थे। उपभोक्ता व्यथा निवारण फोरम के आदेशों का पालन न करने पर विद्युत लोकपाल के पास अपील दायर की गई थी, जिसके बाद आदेशों की अवहेलना करने पर ऊर्जा निगम के अधिकारी कई बार तलब हो चुके हैं। इसी प्रकार अब गांव नान निवासी किसान राजकुमार शर्मा के मामले में भी विद्युत लोकपाल ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को तलब किया है।

वहीं, अब आठ किसानों के विद्युत बिल और संशोधित करने के आदेश विद्युत लोकपाल ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को दिए हैं, जिसके बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इनकी फाइल को तलाशा जा रहा है, जिससे कि न्यायालय के चक्कर अधिकारियों को न काटने पड़े।

इस संबंध में अधिशासी अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि अलग-अलग आठ मामलों में विद्युत लोकपाल की ओर से आदेश दिए गए हैं। उच्च अधिकारियों को इससे अवगत कराया गया है। इनके बिलों को जल्द ही सही कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी