Hapur: युवती से 6 महीने तक दुष्कर्म; धर्म परिवर्तन ना करने पर दी श्रद्धा जैसे शरीर के टुकड़े करने की धमकी

हापुड़ में 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित पिछले 6 महीने से छात्रा के साथ दुष्कर्म कर रहा था। नाबालिग छात्रा को आरोपित ने प्रेम जाल में फंसा लिया था। (फोटो जागरण)

By Kesav TyagiEdited By: Publish:Fri, 03 Feb 2023 07:10 PM (IST) Updated:Fri, 03 Feb 2023 07:21 PM (IST)
Hapur: युवती से 6 महीने तक दुष्कर्म; धर्म परिवर्तन ना करने पर दी श्रद्धा जैसे शरीर के टुकड़े करने की धमकी
आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

हापुड़, जागरण संवाददाता। करीब छह माह पहले गढ़मुक्तेश्वर के एक गांव की रहने वाली 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को एक युवक ने प्रेम जाल में फंसा लिया था। कुछ माह पहले आरोपित छात्रा को बहला-फुसलाकर गौतमबुद्धनगर में स्थित एक कमरे में ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपित ने छात्रा से धर्म परिवर्तन करने की धमकी भी दी थी। आरोपित ने कहा कि अगर छात्रा ने धर्म परिवर्तन नहीं किया तो श्रद्धा वालकर की तरह उसकी हत्या करके शरीर के टुकड़े कर देगा। 

इस दौरान आरोपित ने नग्नावस्था में छात्रा का अश्लील वीडियो भी बनाया। होश में आने पर आरोपित ने वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर छात्रा का मुंह बंद करा दिया। इसके बाद से आरोपित ब्लैकमेल करके छात्रा के साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। छात्रा को जब हकीकत का पता चला तो उसने आरोपित का विरोध करते हुए अपने स्वजन को आपबीती सुनाई। इसे लेकर आरोपित ने छात्रा के शरीर के टुकड़े करने की धमकी दी।

23 अक्टूबर को स्कूल जाते वक्त छात्रा को अगवा करके अपने कमरे पर ले गया, जहां उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किया और अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाए। आरोपित ने पीड़िता पर मतांतरण का भी दबाव बनाया। शुक्रवार को पीड़ित पक्ष के लोगों ने गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

अलीखान से अमन बनकर छात्रा को प्रेम जाल में फंसाया

पुलिस में दी तहरीर में पीड़ित महिला ने बताया कि वह मूल रूप से जिला अमरोहा के एक गांव की रहने वाली है। वर्तमान में वह पति और चार बच्चों के साथ थाना गढ़मक्तेश्वर के एक गांव में रह रही है। परिवार के सभी लोग ईंट -भट्ठे पर मजदूरी का काम करते हैं। उसकी बड़ी बेटी गांव के निकट एक इंटर कालेज में कक्षा 11 वीं की छात्रा है। करीब छह माह पहले छात्रा के मोबाइल फोन पर अज्ञात नंबर से काल आया था।

फोन काल पर बात कर रहे जिला अमरोहा के मीरा सराय के रहने वाले अलीखान ने अपना नाम अमन बताया था। इसके बाद बेटी ने फोन काल काट दिया, लेकिन आरोपित लगातार उसे फोन करके परेशान करने लगा। इतना ही नहीं स्कूल आते-जाते वक्त आरोपित छात्रा का पीछा भी करने लगा। किसी तरह आरोपित ने छात्रा को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया था।

हकीकत जानने के बाद छात्रा की बहन ने किया था विरोध

महिला ने बताया कि जब छात्रा को अलीखान के नाम और धर्म की जानकारी हुई तो उसने स्वजन को आपबीती सुनाई थी। छात्रा ने आरोपित का विरोध भी किया था। इसके बाद लोक-लाज के डर से महिला और उसके स्वजन ने पुलिस से शिकायत नहीं की थी, लेकिन पीड़िता की बड़ी बेटी ने विरोध करते हुए छात्रा से दोबारा ना मिलने की बात आरोपित से कही थी। इसके बाद भी आरोपित अपनी हकरतों से बाज नहीं आया और लगातार छात्रा का उत्पीड़न करता रहा।

छात्रा को दी थी टुकड़े कर हत्या करने की धमकी

स्वजन ने बताया कि 23 जनवरी को आरोपित छात्रा को अगवा कर दोबारा जिला गौतमबुद्धनगर स्थित अपने कमरे पर ले गया था। जहां उसने छात्रा से दुष्कर्म कर अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाए थे। छात्रा पर मतांतरण करने का भी दबाव बनाया गया था। आरोपित ने छात्रा को धमकी दी थी कि अगर उसने मतांतरण नहीं किया तो वह दिल्ली के चर्चित श्रद्धा हत्याकांड की तरह छात्रा के शरीर के टुकड़े कर उसकी हत्या कर देगा।

क्या बोले जिम्मेदार?

मामला संज्ञान में आया है। आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छात्रा को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है।

-मुकेश चंद्र मिश्र, एएसपी

chat bot
आपका साथी