Kisan Andolan: भाजपा नेता को भारी पड़ गया किसानों को कहा 'खालिस्तानी-पाकिस्तानी' कहना, दर्ज हो गई FIR

लखीमपुरखीरी में एक घटना में मारे गए किसानों को खालिस्तानी और पाकिस्तानी बताना भारी पड़ गया है। पोस्ट को देख भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों सहित सैकडों किसानों ने बृहस्पतिवार देर रात को कोतवाली में जमकर हंगामा किया।

By Jp YadavEdited By: Publish:Fri, 08 Oct 2021 02:55 PM (IST) Updated:Fri, 08 Oct 2021 02:55 PM (IST)
Kisan Andolan: भाजपा नेता को भारी पड़ गया किसानों को कहा 'खालिस्तानी-पाकिस्तानी' कहना, दर्ज हो गई FIR
Kisan Andolan: भाजपा नेता को भारी पड़ गया किसानों को कहा 'खालिस्तानी-पाकिस्तानी' कहना, दर्ज हो गई FIR

हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर [प्रिंस शर्मा]। उत्तर प्रदेश के लखीपुर खीरी जिले में 3 अक्टूबर को हुई हिंसा का मामला थमता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामले में यूपी के हापुड़ में इंटरनेट मीडिया पर नगर निवासी भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य द्वारा लखीमपुरखीरी में एक घटना में मारे गए किसानों को 'खालिस्तानी पाकिस्तानी' बताना भारी पड़ गया है। पोस्ट को देख भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों सहित सैकडों किसानों ने बृहस्पतिवार देर रात को कोतवाली में जमकर हंगामा किया। यहां उन्होंने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक किसान द्वारा दी गई तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी। हालांकि आरोपित को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश सचिव कुशल पाल आर्य और परवेज चौधरी सहित सैकडों किसान गढ़ कोतवाली पहुंचे। यहां उन्हाेंने आरोप लगाया कि नगर के मेरठ रोड निवासी भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य कमल त्यागी द्वारा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लखीमपुरखीरी में दिवंगत किसानों को खालिस्तानी, पाकिस्तानी बताकर विभिन्न प्रकार की पोस्ट कर रहे हैं। जिसको लेकर संगठन के पदाधिकारियों सहित किसानों को आघात पहुंचा है। उक्त लोगों ने आरोपित के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

उधर, कोतवाली में प्रदर्शन होता देख कर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह गुर्जर ने तत्काल प्रभाव से गांव मुकीमपुर निवासी किसान विरेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपित कमल त्यागी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार करने के लिए दबिश दी, लेकिन पुलिस के पहुंचे से पहले वह रफूचक्कर हो गया।

इस बाबत कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह गुर्जर ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। किसी को भी शांति व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी