सफदरजंग अस्पताल से फरार हत्याकांड का आरोपित सड़क हादसे में हुआ घायल

संवाद सहयोगी गढ़मुक्तेश्वर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से एक साल पहले फरार हुए विक्रम हत्या

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Oct 2020 07:39 PM (IST) Updated:Fri, 30 Oct 2020 07:39 PM (IST)
सफदरजंग अस्पताल से फरार हत्याकांड का आरोपित सड़क हादसे में हुआ घायल
सफदरजंग अस्पताल से फरार हत्याकांड का आरोपित सड़क हादसे में हुआ घायल

संवाद सहयोगी, गढ़मुक्तेश्वर :

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से एक साल पहले फरार हुए विक्रम हत्याकांड के आरोपित को सिभावली पुलिस ने सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपित हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नीमका जेल में बंद था, जो मिर्गी की बीमारी का उपचार कराने के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोपित के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित जेल व संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी है।

बृहस्पतिवार की देर शाम को सिभावली पुलिस गश्त कर रही थी। नवादा नहर पटरी पर अज्ञात वाहन से बाइक सवार एक युवक के घायल होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करते हुए जांच पड़ताल की। जांच के दौरान मिली जानकारी के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। घायल व्यक्ति गांव नवादा निवासी कुलदीप सिंह है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कुलदीप 2018 में फरीदाबाद में हुए विक्रम हत्याकांड में शामिल था। जिसको क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार कर नीमका जेल में बंद कराया गया था। 6 नवंबर 2019 को कुलदीप मिर्गी की बीमारी होने के कारण दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से आरोपित पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। कुलदीप के फरार होने के बाद से लेकर अब तक हरियाणा व दिल्ली के सफदरजंग की थाना पुलिस निरंतर उसके गांव में दबिश देकर तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग रहा था। जानकारी मिलने पर सिभावली पुलिस ने दिल्ली के सफदरजंग और नीमका जेल के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

इस संबंध में सिभावली थाना प्रभारी राहुल चौधरी ने बताया कि सड़क हादसे में घायल हुआ कुलदीप सिंह गांव नवादा निवासी है, जो कि दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से फरार आरोपित है। इस संबंध में संबंधित थाना व जेल के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

chat bot
आपका साथी