पशु अवशेष की 22 फैक्ट्रियां व गोदाम सील

हापुड़ : एएसपी रामनयन यादव, एसडीएम केबी सिंह और ईओ संजय कुमार मिश्र ने रविवार को पुलिस बल के साथ ईदगा

By Edited By: Publish:Mon, 22 Dec 2014 12:31 AM (IST) Updated:Mon, 22 Dec 2014 12:31 AM (IST)
पशु अवशेष की 22 फैक्ट्रियां व गोदाम सील

हापुड़ : एएसपी रामनयन यादव, एसडीएम केबी सिंह और ईओ संजय कुमार मिश्र ने रविवार को पुलिस बल के साथ ईदगाह रोड, रामपुर रोड और पशुवधशाला रोड पर पशु अवशेष की फैक्ट्रियों व गोदामों पर छापामार कार्रवाई की। इसके बाद 22 फैक्ट्री व गोदाम को सील कर दिया गया। छापामार कार्रवाई के दौरान मौजूद लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए विरोध किया। इस दौरान फैक्ट्री व गोदाम संचालकों में आपस में मारपीट तक हुई। अवैध पशु कटान पर एनजीटी कोर्ट ने डीएम और एसपी को तलब किया है। माना जा रहा है कि उसके बाद यह कार्रवाई हुई है।

एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि रविवार को ईदगाह रोड, रामपुर रोड और पशुवधशाला रोड पर छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान 22 फैक्ट्री व गोदाम अवैध रूप से चलते हुए पाए गए। इनको तुरंत सील कर दिया गया। संचालन के लिए फैक्ट्री व गोदाम स्वामियों ने नगर पालिका से कोई अनुमति नहीं ली थी। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिया था। कार्रवाई के दौरान मिले अवशेषों को कब्जे में ले लिया गया। एसडीएम केबी सिंह ने बताया कि फैक्ट्रियां व गोदामों से क्षेत्र में बदबू फैलने की शिकायत मिल रही थी। फैक्ट्रियां सील कर रही टीम का लोगों ने जमकर विरोध किया। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका ने कुछ फैक्ट्रियों व गोदामों को सील नहीं किया है, जिस पर मौजूद लोगों ने विरोध किया तो आपस में फैक्ट्री व गोदाम संचालकों में मारपीट तक हो गई। बीच-बचाव के बाद सभी लोग मौके से चले गए। प्रशासन की इस कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी मची रही। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई एनजीटी कोर्ट की सख्ती के बाद हुई है, क्योंकि कोर्ट ने नगर व देहात क्षेत्र में चल रहे अवैध पशु कटान पर गंभीरता दिखाते हुए डीएम व एसपी को तलब किया है।

chat bot
आपका साथी