नाले से नदी में बही महिला को सकुशल निकाला
संवाद सूत्र कुरारा जालौन जनपद के कदौरा थाना के लिची का डेरा शारदा नगर निवासी महिला खे
संवाद सूत्र कुरारा : जालौन जनपद के कदौरा थाना के लिची का डेरा शारदा नगर निवासी महिला खेत देखने जाते समय बुधवार को पैर फिसलने से नाले में गिर गई। नाले का तेज बहाव होने के कारण वह यमुना नदी में बह गई। वहीं नदी में बह रही एक लकड़ी का सहारा लेकर वह पूरी रात बहते हुए मनकी गांव के करीब पहुंची। चौकीदार की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच महिला को मछुआरों की मदद से यमुना नदी से निकाला। वहीं उपचार के बाद उसे स्वजन के सुपुर्द किया गया।
जालौन जनपद के कदौरा थाना के लिची का डेरा शारदा नगर निवासी महिला 50 वर्षीय जय देवी पत्नी स्व. सुदर्शन सिंह बुधवार शाम करीब 5 बजे खेतों की तरफ गई थी। तभी कलिदर नाला में पैर फिसलने से वह गिर पड़ी। नाले का तेज बहाव होने के कारण बहते हुए वह यमुना नदी में जा पहुचीं। वहां से पूरी रात बहाव में लकड़ी के सहारे बहते हुए करीब 25 किमी का सफर तय कर गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे वह मनकी गांव के करीब पानी में डूबती उतराती दिखाई दी। तब गांव के चौकीदार रामसजीवन ने हरौलीपुर चौकी इंचार्ज भारत यादव को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चौकी इंचार्ज भारत यादव ने गांव के मछुआरों को इकट्ठा कर उनकी मदद से महिला को पानी से बाहर निकाला। उसका उपचार करवा उसके बताए पते पर स्वजन को सूचना दी। जिसपर पीड़ित महिला का पुत्र राहुल, पुत्री विनीता मौके पर पहुंच गए। तब पुलिस ने महिला उनके सुपुर्द कर दिया।
-------
लकड़ी बनी जीवनदायनी
जालौन जनपद से पानी में बहकर आई महिला के लिए एक बबूल की लकड़ी जीवन दायनी बन गई। हरौलीपुर चौकी इंचार्ज भारत यादव ने बताया कि पानी मे डूबती महिला ने एक बबूल की लकड़ी के सहारे करीब 25 किलोमीटर का सफर तय किया। महिला उसी लकड़ी को पकड़कर पूरी रात पानी मे बहती रही है। बहते बहते वह सुबह मनकी गांव आ पहुंची। जहां लोगों के देखने के बाद सूचना पर तुरंत पहुंच मछुआरों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।