प्रतिष्ठानों में छापामारी कर पकड़े 28 बाल श्रमिक

शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासन

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Jun 2019 11:50 PM (IST) Updated:Sat, 15 Jun 2019 06:28 AM (IST)
प्रतिष्ठानों में छापामारी कर पकड़े 28 बाल श्रमिक
प्रतिष्ठानों में छापामारी कर पकड़े 28 बाल श्रमिक

जागरण संवाददाता, महोबा : शासन और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासन व श्रम विभाग की टीम ने पुलिस बल के साथ प्रतिष्ठानों में औचक छापामारी कर यहां काम कर रहे 28 बाल श्रमिकों को बंधन मुक्त कराया। इसके बाद श्रमिकों को मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया जहां पर व्यापारियों से श्रम विभाग के अधिकारियों की बाल श्रमिकों को छुड़वाने के लिए तीखी नोंकझोंक हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल को बुलाकर सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

उपजिलाधिकारी देवेंद्र कुमार, सीओ जटाशंकर राव व श्रम विभाग के डीपी अग्रहरि ने पुलिस बल के साथ शहर के होटलों, ढाबो, रेजीडेंसी, दुकानों आदि जगहों पर छापामारी कर यहां काम कर रहे बाल श्रमिक किशोरों को अपने कब्जे में लिया। शहर भर में चले इस अभियान के तहत कुल 28 बाल श्रमिकों को पकड़ा गया। इसके बाद इन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए सीएमएस कक्ष ले जाया गया। लेकिन यहां व्यापारियों ने बाल श्रमिकों को छुड़वाने के लिए खासा हंगामा काटा और श्रम विभाग के डीपी अग्रहरि से उनकी नोंकझोंक भी हुई। स्थिति तनावपूर्ण होते हुए पुलिस बल को बुलाना पड़ा। इसके बाद व्यापारी शांत हुए और बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। बकौल डीपी अग्रहरि के मुताबिक अभियान लगातार जारी रहेगा। उम्र प्रमाणिकता के बाद प्रतिष्ठानों के संचालक जहां बच्चों से काम कराया जा रहा था उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अभियान से प्रतिष्ठान स्वामियों व्यापारियों में खासा हड़कंप मचा रहा।

chat bot
आपका साथी