विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने बोले- सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भाजपा का मूल मंत्र

भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रीयता का आधार राजनीतिक नहीं बल्कि सांस्कृतिक है। कहा कि भारत एक विशिष्ट भूमि है।

By Pragati ChandEdited By: Publish:Thu, 18 Aug 2022 12:31 PM (IST) Updated:Thu, 18 Aug 2022 12:31 PM (IST)
विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने बोले- सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भाजपा का मूल मंत्र
भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण का दूसरा दिन। फोटो: जागरण।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन प्रदेश के महामंत्री, गोरखपुर क्षेत्र के प्रभारी व विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद भाजपा का मूल मंत्र है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्रीयता का आधार राजनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक है। भारत माता की जय का उदघोष हमारी संस्कृति का परिचायक है।

भारत दुनिया का एक ऐसा देश है, जहां हर क्षेत्र में विविधता है

गोरखपुर महानगर अंतर्गत रानी डीहा के समीप स्थित संस्कृति पब्लिक स्कूल में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का एक ऐसा देश है, जहां हर क्षेत्र में विविधता है। भारत एक विशिष्ट भूमि है और इसे माता का सम्मान प्राप्त है। भारत एक जमीन का टुकड़ा नहीं बल्कि संपूर्ण राष्ट्र पुरुष है। यहां की संस्कृति भारत की आत्मा है। दूसरे सत्र को संबोधित करते हुए कमल ज्योति पत्रिका के प्रबंधक राजकुमार ने स्वतंत्रता आंदोलन और देश के विकास में आदिवासी समाज के महापुरुषों के योगदान को बताया। कहा कि कांग्रेस के शासन काल में उपेक्षित आदिवासी समाज को भाजपा की सरकारों ने सम्मान और संबल दिया है। इसी नाते जन जाति समाज भी भाजपा के साथ है।

लोगों की समस्याओं का किया जा रहा समाधान

प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड ने कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जन जातीय समाज के लिए विभिन्न कार्यक्रमों को चलाकर इस समाज के उत्थान का कार्य किया जा रहा है। प्रदेश में निवास करने वाले जन जातीय समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र जारी करने में आ रही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

ऐसे प्रशिक्षण से होता है कार्यकर्ताओं का मानसिक विकास

आज के सत्र का समापन करते हुए एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री और प्रदेश प्रभारी एडवर्ड सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं का मानसिक और बौद्धिक विकास होता है। प्रशिक्षण से सांगठनिक गतिविधियों में तेजी आती है। प्रशिक्षण शिविर में मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी लक्ष्मण आचार्य, दुद्धी के विधायक राम दुलारे गोंड, सूचित गोंड, धनंजय कश्यप, लालजी गोंड, सरस प्रसाद, ई विद्या भूषण गोंड, राधेश्याम गोंड आदि मौजूद रहे।

सीएम योगी आज समापन सत्र को करेंगे संबोधित

गोरखपुर। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का समापन सत्र गुरुवार को शाम चार से होगा। इसको बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी किसी एक सत्र को संबोधित हेतु प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।

chat bot
आपका साथी